Kaimur: ट्रैक्टर और कार की टक्कर में एक दर्जन घायल, इलाज को दो लोग रेफर किए गए वाराणसी

नगर के मुंडेश्वरी गेट से करीब सौ गज पूरब जीटी रोड के सर्विस लेन में शनिवार को ट्रैक्टर में एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर पर सवार एक दर्जन श्रमिक घायल हो गए। इसके बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 04:09 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 04:09 PM (IST)
Kaimur: ट्रैक्टर और कार की टक्कर में एक दर्जन घायल, इलाज को दो लोग रेफर किए गए वाराणसी
सड़क दुर्घटना में जख्‍मी का इलाज करती महिला डॉक्‍टर। जागरण।

संवाद सहयोगी, मोहनियां (भभुआ)। नगर के मुंडेश्वरी गेट से करीब सौ गज पूरब जीटी रोड के सर्विस लेन में शनिवार को ट्रैक्टर में एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर पर सवार एक दर्जन श्रमिक घायल हो गए। इसके बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनियां पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को वाराणसी तथा आठ को जिला अस्पताल भभुआ रेफर किया गया। मोहनियां थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को थाने के समीप खड़ा कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के कटरा कला गांव से एक ट्रैक्टर भूसी लादने के लिए भभुआ जा रहा था। ट्रैक्टर पर एक दर्जन श्रमिक सवार थे।

ट्रैक्टर नगर के मुंडेश्वरी गेट से करीब सौ गज पूरब था। तभी पीछे से एक कार ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग घायल हुए। घायलों में कटरा कला ग्राम निवासी नंदराम के पुत्र अजय राम (32), शंकर राम के पुत्र हरिहर राम (40), नगीना राम के पुत्र अनिल राम (30), ननकू राम के पुत्र सुनील राम (35), दशरथ राम के पुत्र रामदुलार राम (40), राम दरस राम के पुत्र कामेश्वर राम (40), काशीराम के पुत्र महंगू राम (35), बालकेश्वर राम के पुत्र दिनेश राम (18), रामलाल राम के पुत्र अशोक राम (36) तथा लालचंद राम के पुत्र मार्कंडेय राम (28) का नाम शामिल है। अजय राम व हरिहर राम की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया।

ट्रक के डाला से चोट लगने से मजदूर घायल

भगवानपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित मुख्य बाजार में शुक्रवार की रात ट्रक से खाद की बोरियों को उतारने के चक्कर में एक मजदूर घायल हो गया। घायल मजदूर भगवानपुर गांव निवासी स्व. नंदू मुसहर का करीब 45 वर्षीय पुत्र राजेश मुसहर बताया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि भगवानपुर बाजार में शुक्रवार की रात यूरिया खाद से लोड एक ट्रक आया था। जिसमें लोड खाद को दुकान में रखकर ट्रक खाली कराने के बाद राजेश मुसहर द्वारा जैसे हीं ट्रक के डाले को बंद करने की कोशिश की जा रही थी, वैसे हीं डाला उसके चेहरे पर जा गिरा। इससे उक्त मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर जा गिरा।

यह देख यूरिया खाद दुकानदार एवं उसके सहयोगी अन्य मजदूरों की मदद से आनन-फानन में घायल मजदूर को प्रखंड मुख्यालय स्थित बाबू शिव गोविंद प्रसाद अग्रवाल मेमोरियल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल मजदूर को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल का प्राथमिक उपचार करने वाले सीएचसी के चिकित्सक डा. अबू हसन जानी ने बताया कि घायल मजदूर के जबड़े में जबरदस्त चोटें आई हैं।

chat bot
आपका साथी