Bihar Crime: भूत के अंधविश्‍वास में महिला ने टांगी से काटकर पति को मार डाला, रोहतास की घटना

रोहतास की कैमूर पहाड़ी पर मंगलवार सुबह एक महिला ने अपने पति की टांगी से काटकर हत्‍या कर दी। स्‍वजनों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पति-पत्‍नी में कोई विवाद भी नहीं था।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 04:15 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 04:56 PM (IST)
Bihar Crime: भूत के अंधविश्‍वास में महिला ने टांगी से काटकर पति को मार डाला, रोहतास की घटना
रोहतास में महिला ने की पति की हत्‍या। प्रतीकात्‍मक फोटो

जागरण संवाददाता, रोहतास। सूचना क्रांति के इस आधुनिक युग में भी ग्रामीण इलाके में अंधविश्‍वास कायम है। इसी चक्‍कर में रोहतास की कैमूर पहाड़ी  पर रोहतास थाना क्षेत्र के बुधुआ गांव में मंगलवार को एक महिला ने अपने पति की टांगी से काटकर हत्‍या कर दी। इस घटना से सनसनी फैल गई। मृतक महेंद्र सिंह खरवार उर्फ बुधन सिंह खरवार (25 वर्ष) शेषनाथ सिंह का पुत्र था। चौकीदार से घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्‍जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए सदर अस्‍पताल भेज दिया। आरोपित महिला सरस्‍वती देवी को गिरफ्तार कर लिया।

घर में सबकुछ था सामान्‍य, पति-पत्‍नी में नहीं था कोई विवाद

थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि बुधुआं निवासी महेंद्र सिंह खरवार की हत्या उसकी पत्‍नी सरस्वती देवी ने टांगी से प्रहार कर कर दी। घटना की सूचना चौकीदार सरयू यादव ने दी। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्‍जे में ले लिया और सरस्‍वती देवी को गिरफ्तार कर लिया। कहा कि घटना के समय महेंद्र और सरस्वती के अलावा महेंद्र का छोटा भाई दादा खरवार, उसकी मां तथा सरस्वती की मां लीलावती देवी भी घर में थी।

ठीक नहीं है सरस्‍वती की मानसिक स्थिति

लीलावती ने पुलिस को बताया कि सरस्वती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी वजह से ऐसी घटना हुई है। उनलोगों का कहना था कि पति-पत्‍नी में किसी प्रकार का विवाद भी नहीं था। लगभग 20 दिन पहले  सरस्वती को एक बच्ची भी हुई है। दोनों बहुत खुश थे।बच्ची के जन्म के बाद से ही उसकी मानसिक स्थिति गड़बड़ हो जा रही थी। कई जगह झाड़-फूंक भी कराई गई। लीलावती ने बताया कि रात में खाना खाकर सभी लोग सोए। सुबह में भी सब सामान्य था। इसी बीच सरस्वती ने महेंद्र पर टांगी से हमला कर‍ना शुरू कर दिया। जब तक कोई कुछ समझता वह चार-पांच वार कर चुकी थी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार सरस्वती को कोर्ट में पेशी के बाद वहां से प्राप्त निर्देश के आलोक में जांच कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी