कैमूर में हरसू ब्रह्म धाम के बाहर भीड़ लगा कर की जा रही थी पूजा-अर्चना, अधिकारियों ने कराया बंद

स्थानीय चैनपुर बाजार में स्थित हरसू ब्रह्म धाम मंदिर का पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने सख्ती बरतते हुए मंदिर के बाहर लोगों द्वारा की जा रही पूजा अर्चना के कार्य को बंद कराते हुए आसपास की खुली दुकानों को भी बंद करा दिया गया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 11:54 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 12:06 PM (IST)
कैमूर में हरसू ब्रह्म धाम के बाहर भीड़ लगा कर की जा रही थी पूजा-अर्चना, अधिकारियों ने कराया बंद
हरसू धाम में पूजा बंद कराने पहुंची पुलिस। जागरण

चैनपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। स्थानीय चैनपुर बाजार में स्थित हरसू ब्रह्म धाम मंदिर का पदाधिकारियों ने रविवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर में कोरोना गाइडलाइन के आदेश की अनदेखी होती दिखी। इस पर पदाधिकारियों ने सख्ती बरतते हुए मंदिर के बाहर लगी भीड़ को हटाया। वहां पूजा अर्चना का कार्य बंद कराते हुए आसपास की खुली दुकानों को भी बंद करा दिया गया। बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सरकार ने सभी धार्मिक स्थानों को बंद कर दिया है।

मंदिर के द्वार पर की जा रही थी पूजा

सरकार के आदेश पर न्यास समिति के अध्यक्ष सह चैनपुर सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह ने मंदिर को बंद करा दिया। लेकिन स्थानीय कुछ पंडा व पुजारियों के द्वारा मंदिर के दरवाजे पर ही आने वाले श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना कराई जा रही थी। स्थिति यह हो गई कि मंदिर के दरवाजे पर दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से दर्शन पूजन करने को पहुंची दो महिलाओं का मंगलसूत्र एवं सोने की चेन गायब होने का मामला भी सामने आया। समाचार पत्रों में जब इस अनदेखी को प्रमुखता से उठाया गया तो प्रशासन हरकत में आया।

चेतावनी देकर छोड़ा गया पुजारी को

प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सह चैनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी एवं चैनपुर सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। वहां भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। कहीं हवन तो कहीं पूजा पाठ चल हो रहा था। इस दौरान मंदिर के आसपास के सभी दुकानें खुली पाई गई। मौके पर पहुंचे पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं को मंदिर के दरवाजे पर से हटाते हुए आसपास की सभी दुकानों को बंद करने के निर्देश दिया। इस संबंध में चैनपुर सीओ पुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि मंदिर का पट बंद होने के बाद भी स्थानीय पुजारियों के द्वारा मंदिर की सीढ़ी पर ही श्रद्धालुओं की पूजा कराई जा रही है। जांच के दौरान पूरा मामला सत्य पाया गया। मौके पर से एक पुजारी को पकड़ लिया गया। जिसे बाद में चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया। वही मंदिर के सामने आसपास की सभी दुकानें खुली हुई पाई गई, जिन्हें बंद कराया गया। अब ऐसी स्थिति उत्पन्न ना हो इसको लेकर मंदिर परिसर में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। साथ ही प्रत्येक घंटे पुलिस की गश्ती वाहन मंदिर के आस पास आकर जांच करती रहेगी।

chat bot
आपका साथी