इमामगंज में घरवालों को बंधक बनाकर आठ लाख का डाका, भागते हुए घर का बल्‍ब तक खोल ले गए

थाना क्षेत्र के पकरी गुरिया गांव में मंगलवार की रात एक घर में अपराधियों ने घरवालों को बंधक बनाकर भीषण डकैती को अंजाम दिया। हथियार के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाया। जाते समय बहा दिया बाइक का तेल खोल ले गए घर के बल्ब।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 08:02 AM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 08:02 AM (IST)
इमामगंज में घरवालों को बंधक बनाकर आठ लाख का डाका, भागते हुए घर का बल्‍ब तक खोल ले गए
पकरी गुरिया गांव में भीषण डकैती, सांकेतिक तस्‍वीर।

 इमामगंज (गया), संवाद सूत्र।  थाना क्षेत्र के पकरी गुरिया गांव में मंगलवार की रात एक घर में अज्ञात बदमाशों ने घरवालों को बंधक बनाकर भीषण डकैती को अंजाम दिया। डकैत करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए हैं। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डकैतों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पीडि़त अम्बुज प्रसाद ने बताया कि सभी लोग खाना खाकर रात दस बजे अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। करीब 12 बजे रात में मकान की छत पर कुछ लोगों के बातचीत करने की आवाज आई। हमने सोचा कि घर के लोग ही किसी से मोबाइल पर बात कर रहे होंगे, उसके बाद सो गए। कुछ ही देर बाद घर के अंदर छह-सात लोग हाथ में कट्टा, पसुली आदि लिए मेरे पास आ गए और हथियार का भय दिखाकर हाथ बांध दिया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य को एक जगह बैठाकर चेहरे को चादर से ढंक दिया और गोदरेज की चाबी आदि सामान के बारे में पूछ-पूछकर सारा सामान लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पिता बीमार चल रहे थे। उनके इलाज के लिए एक लाख रुपये घर में रखे हुए थे। गोदरेज से वह पैसा और मां व पत्नी का सोना-चांदी के कीमती जेवरात और कुछ पुराने जेवरात भी ले गए। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक उत्पात मचाया है। जाते समय छत पर सभी का मोबाइल फेंक दिया और एक जोड़ी नई चप्पल व घर में लगे आधा दर्जन बल्ब खोलकर ले गए। उन्होंने कहा कि बदमाशोंं ने घर से निकलते समय बाइक का तेल खोलकर बहा दिया और बाहर का दरवाजा भी बंद कर दिया था। उनके जाने के बाद बगल में रह रहे अपने भाई को जगाया। इसके बाद गांव के कई लोगों को मोबाइल से काल कर जगाया गया। सुबह में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष नैयर एजाज अहमद ने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। थानाध्यक्ष ने कहा कि अम्बुज प्रसाद के घर में चोरों ने लूटपाट की है। पीडि़त के लिखित आवेदन के अनुसार एक लाख की नकदी व करीब छह-सात लाख के सोने-चांदी के जेवरात लूटने की बात सामने आई है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। उसके अनुसार छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी