कोविड में भी भभुआ मंडलकारा में निर्धारित संख्या से रह रहे दोगुना बंदी , 33 को रिहा करने की पहल

मंडल कारा में बंदियों के रखने की क्षमता 357 है। फिलवक्त मंडलकारा में 15 महिलाओं सहित कुल 685 बंदी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में मामूली मामलों के बंदियों को जेल न भेजने तथा पूर्व से बंद कैदियों को रिहा कराने की पहल हई। -

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Wed, 11 Aug 2021 06:40 AM (IST) Updated:Wed, 11 Aug 2021 06:40 AM (IST)
कोविड में भी भभुआ मंडलकारा में निर्धारित संख्या से रह रहे दोगुना बंदी , 33 को रिहा करने की पहल
मामूली मामलों में बंद आठ विचाराधीन बंदी अगस्त में हुए रिहा, सांकेतिक तस्‍वीर।

भभुआ, जागरण संवाददाता। स्थनीय मंडलकारा में निर्धारित संख्या से लगभग दोगुना बंदी रखे जा रहे हैं। मंडल कारा में बंदियों के रखने की क्षमता 357 है। फिलवक्त मंडलकारा में 15 महिलाओं सहित कुल 685 बंदी है। कोरोना काल में विभिन्न मामलों में गिरफ्तार लोगों को न्यायालय से आइसोलेशन के लिए विक्रमगंज जेल भेजने की प्रक्रिया अब भी जारी है।

33 बंदियों को रिहा करने की सूची सौंपी

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में राज्य सरकार ने मामूली मामलों के बंदियों को जेल न भेजने तथा पूर्व से बंद लोगों को रिहा कराने की पहल की। लेकिन फिर भी कोरोना काल में बंदियों की संख्या में गिरावट नही आई। वैसे सरकार के निर्देश पर जेल प्रशासन ने वैसे मामलों के 33 बंदियों को रिहा करने के लिए सूची दो अगस्त को न्यायालय को सौंप दी है। इसमें से आठ के रिहा होने की सूत्रों ने पुष्टि भी की है।

जेल में बंदियों के बढऩे व घटने का सिलसिला  प्रतिदिन चलता रहता है। फिर भी औसत जहां  अप्रैल में  12 महिला बंदी सहित कुल बंदियों की संख्या 740 रही वहीं मई महीने में यह संख्या 744 हो गई। इसमें जून व जुलाई में भी क्रमश: दो से तीन कर संख्या में वृद्धि होती रही। अगस्त माह में नौ अगस्त को बंदियों की संख्या 685  रही जो पूर्व की अपेक्षा 59 कम है।

उल्लेखनीय है कि भभुआ में वर्ष 2012 से निर्माणाधीन मंडल कारा के प्रथम चरण के निर्माण का कार्य लगभग अंतिम चरण में है। सबमर्सिबल लगाने व बिजली व्यवस्था ठीक करने का कार्य चल रहा है। इस प्रथम चरण के बने जेल भवन में  396 पुरूष व 40 महिला बंदियों को रखा जा सकता है। दूसरे चरण के भवन के निर्माण के बाद ही स्थायी रूप से बंदियों के रखने की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।

किस माह में मंडलकारा में कुल कितने रहे बंदी-

 माह का नाम   -         पुरूष बंदी     -        महिला बंदी    - कुल बंदी

 अप्रैल          -         728          -           12            - 740

 मई               -          732          -            12          - 744

जून             -            732          -            13         -   745

जुलाई         -             735          -            13         -    748

क्या कहते है अधिकारी- इस संबंध में जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन नए कारा भवन के प्रथम चरण का कार्य लगभग अंतिम चरण में हैं। मामूली मामलों में बंद 33 विचाराधीन बंदियों की सूची न्यायालय को दो अगस्त को भेजी गई है। नए कारा भवन के हस्तांतरित हो जाने पर कुछ हद तक समस्या का निदान हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी