चैनपुर में बराती में नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद, जमकर चली लाठियां, दो दर्जन घायल, 12 गंभीर

बढौना के ग्राम डीहभूजैना में रविवार की रात गांव में आए बाराती के दौरान नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न हुए विवाद में जमकर लाठी बाजी हुई। उक्त मारपीट में लगभग दो दर्जन के करीब घायल हो गए हैं।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 05:41 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 05:41 PM (IST)
चैनपुर में बराती में नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद, जमकर चली लाठियां, दो दर्जन घायल, 12 गंभीर
चैनपुर में अस्‍पताल में इलाज कराता घायल युवक। जागरण।

संवाद सूत्र, चैनपुर (भभुआ)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढौना के ग्राम डीहभूजैना में रविवार की रात गांव में आए बाराती के दौरान नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न हुए विवाद में जमकर लाठी बाजी हुई। उक्त मारपीट में लगभग दो दर्जन के करीब घायल हो गए हैं। जिसमें 12 लोगों के सर फट गए हैं। उनका इलाज चल रहा है।

घायलों में प्रथम पक्ष से बहादुर राम के 30 वर्षीय पुत्र इंदल राम एवं 22 वर्षीय पुत्र भोरिक राम, ब्लू राम के 22 वर्षीय पुत्र लोरिक राम, मुन्ना राम के 27 वर्षीय पुत्र जामवंत राम एवं 22 वर्षीय पुत्र बलवंत राम, स्वर्गीय ढोड़ा राम के 40 वर्षीय पुत्र लालमुनी राम जो कि वर्तमान में वार्ड संख्या 10 के वार्ड सदस्य भी है का नाम शामिल है। वहीं दूसरे पक्ष से स्वर्गीय धनीराम के 70 वर्षीय पुत्र बेचन राम, कृष्णा राम के 48 वर्षीय पुत्र हीरालाल राम, बेचन राम के 30 वर्षीय पुत्र बिगऊ राम 35 वर्षीय धर्मराज राम एवं 40 वर्षीय पुत्र राजकुमार राम का नाम शामिल है वहीं एक 55 वर्षीय महिला रामरति देवी पति रामवचन राम सभी ग्राम डीहभूजैना के निवासी बताए गए हैं। सभी घायलों का इलाज चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में चल रहा है।

प्रथम पक्ष से ग्राम पंचायत बढ़ौना वार्ड संख्या 10 के वार्ड सदस्य लालमुनी राम के द्वारा बताया गया कि गांव में बाबूचंद राम की लड़की की शादी थी। रविवार की रात मंझूई से बारात आया हुआ था। रात 10 बजे के करीब दरवाजा लगाने के लिए बरात आ रही थी। उस दौरान गांव के ही कुछ लड़के उसमें नाच रहे थे। मौसम ठीक नहीं था। हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिस पर इनके द्वारा बरात में नाच रहे लोगों को मना करते हुए जल्दी से दरवाजा लगाने को कहा गया। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग नाराज हो गए। और लाठी डंडा लेकर मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान कई लोगों को को चोटे आई है, जिसमें 6 लोग गंभीर है।

वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष से बेचन राम के भतीजा सीताराम के द्वारा बताया गया कि जिन लोगों के द्वारा मारपीट की गई है उक्त लोगों से पूर्व से ही विवाद चला आ रहा है। बहाना ढूंढ कर रविवार की रात गांव में आए बारात के दौरान नाचने के क्रम में धक्का देने का आरोप लगाते हुए झगड़ा प्रारंभ किया गया। जिसके बाद ललकारते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। मारपीट में दर्जनों लोगों को काफी चोटें आई है, जिसमें 6 लोगों के सर फट गए हैं।

वहीं इस मामले से संबंधित जानकारी लेने पर प्रशिक्षु डीएसपी सह चैनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी के द्वारा बताया गया कि रविवार की रात फोन पर सूचना प्राप्त हुई की ग्राम डीहभूजैना में बारात में नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची जहां झगड़ा हो रहा था। तत्काल बीच बचाव करते हुए घायलों को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है, दोनों पक्षों से छह-छह लोगों के सर में गंभीर चोटें हैं। आवेदन प्राप्त होने के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी