बिहार में प्रेमिका की गुहार पर भभुआ पुलिस ने कराई अनोखी शादी, थाने से ही हुई विदाई की रस्‍म

पांच साल के प्रेम को लूटता देख लड़की ने थाना में सहायता की गुहार लगाई। पुलिस ने बड़ी समझदारी से थाने में ही कन्‍या की शादी करा दी। दोनों पक्ष के स्वजनों ने आशीर्वाद दिया। प्रेमी की जहां तय हुई थी शादी वहां छोटे भाई की बरात गई।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 09:32 PM (IST)
बिहार में प्रेमिका की गुहार पर भभुआ पुलिस ने कराई अनोखी शादी, थाने से ही हुई विदाई की रस्‍म
पांच वर्षों का प्रेम थाने में पहुंचकर पाई मंजिल, सांकेतिक तस्‍वीर ।

चैनपुर (भभुआ), जागरण संवाददाता। भभुआ जिला के चैनपुर थाना में 24 जून को बिना बैंड, बाजा और बरात के पुलिस ने एक अनोखाी शादी संपन्‍न कराई। पुलिस की समझदारी से एक प्रेमी जोड़े के प्रेम को मंजिल मिल गई। दरअसल, एक युवती ने थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा निवासी एक युवक द्वारा पांच वर्षों तक  प्रेम प्रसंग रखने के बाद विवाह किसी और के साथ करने की शिकायत की।  प्रेमिका की शिकायत की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने समझदारी से लड़के को विवाह के लिए राजी कर लिया। इसके बाद थाने में ही दोनों पक्षों के परिजनों की उपस्थिति में प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न हुआ।

जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा निवासी जितेंद्र बिंद के बेटे नंदू बिंद का प्रेम संबंध बीते पांच वर्षों से चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर के निवासी भोला बिंद की लड़की प्रियंका कुमारी से चल रहा था। दोनों ने एक-दूसरे से प्रेम में साथ जीने-मरने की कसमें खाई। मगर अचानक लड़के के पिता ने उसकी शादी तय कर दी और 24 जून 2021 को बरात जानी थी। इससे घबराकर प्रेमिका चैनपुर थाने पहुंच गई। जहां उक्त युवक जिसका विवाह तय हो चुका था और 24 जून 2021 की तिथि को बरात जानी थी, उसके ऊपर धोखाधड़ी व शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रशिक्षु डीएसपी सह चैनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी द्वारा उक्त प्रेमी को उसके पिता के साथ चैनपुर थाने बुलाया गया। जहां पूछताछ के दौरान युवक ने 5 वर्षों से युवती से संबंध होने की बात स्वीकार की। जिसके बाद दोनों के परिजनों को सामने बैठाकर समझाने-बुझाने के उपरांत सहमति से प्रेमी जोड़े का विवाह 24 जून को ही चैनपुर थाने में स्थित शिव मंदिर में संपन्न कराया गया।

बड़े की जगह छोटे भाई की बरात निकली

प्रशिक्षु डीएसपी सह चैनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग का हवाला देकर युवती ने युवक नंदू भोला बिंद पर धोखाधड़ी व शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया था। जब विस्तृत जानकारी ली गई तो पता चला कि दोनों का संबंध पांच वर्षों से लगातार चल रहा था। बीच में लड़के की शादी तय हो गई। जिसके बाद दोनों के परिजनों की सहमति से चैनपुर थाने में ही शिव मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया। वहीं नंदू बिंद की जिस लड़की के साथ शादी तय हुई थी, उसके यहां 24 जून को ही बरात जानी थी। सारी तैयारी हो चुकी थी। उनके मान-सम्मान को देखते हुए तत्काल लड़की पक्ष के लोगों को बुलाया गया और नंदू के छोटे भाई का विवाह दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ। उस लड़की का भी विवाह 24 जून को ही संपन्न हुआ। उनके घर नंदू के छोटे भाई की बरात गई। वहीं, चैनपुर थाने में राजी-खुशी के साथ विवाह के बाद थाने से ही विदाई संपन्न कराई गई।

chat bot
आपका साथी