... बिना दुल्‍हन भागना पड़ा दूल्‍हे राजा को, बराती भी हो गए रफूचक्‍कर, औरंगाबाद में हुआ कुछ ऐसा

औरंंगाबाद के ओबरा में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में दूल्‍हे का बड़ा भाई जख्‍मी हो गया। इसके बाद दूल्‍हा समेत बरातियों काे बैरंग लौटना पड़ा। शादी नहींं हो सकी। पुलिस में किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 12:51 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 12:51 PM (IST)
... बिना दुल्‍हन भागना पड़ा दूल्‍हे राजा को, बराती भी हो गए रफूचक्‍कर, औरंगाबाद में हुआ कुछ ऐसा
औरंगाबाद में शादी हुई हर्ष फायरिंग में दूल्‍हे का बड़ा भाई जख्‍मी। प्रतीकात्‍मक फोटो

औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। Firing in Marriage शादियों के लिए नियम-कानून भले बन गए हों लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार नहीं। न केवल वे शादी-विवाह में लॉकडाउन के नियमों (Rules of Lockdown) की अनदेखी कर रहे हैं बल्कि उसमें खुलेआम फायरिंग भी कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ हुआ ओबरा थाने के कदियाही गांव में। यहां दरवाजा लगने के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दूल्‍हे का बड़ा भाई घायल हो गया। इसके बाद बरात लौट गई। शादी नहीं हुई। हालांकि किसी भी पक्ष ने थाने में आवेदन नहीं दिया। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।  

दरवाजा लगते समय किसी ने चला दी गोली 

मदनपुर थाना क्षेत्र के हसनबाग निवासी इंद्रदेव यादव के बेटे अजय यादव की बरात शनिवार को ओबरा थाना के छोटकी कदियाही गांव में भोला यादव के यहां आई थी। बारात आने के बाद रस्म रिवाज शुरू हो गई। उसके बाद दरवाजा लगने लगा। इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। यह गोली दूल्‍हे के बड़े भाई अशोक यादव को जा लगी। गोली लगने से वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद अफरातफरी मच गई। वर-वधू पक्ष के लोग भागने लगे। उसके बाद दूल्‍हा भी बिन शादी किए लौट गया।  इधर घायल अशोक यादव को स्वजनों ने आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार अशोक की हालत खतरे से बाहर है।

अपने स्‍तर से जांच में जुटी है पुलिस

ओबरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहनी ने बताया कि घटना की सूचना मिली। उसके बाद तुरंत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। लेकिन इस बारे में वर एवं वधू पक्ष के द्वारा थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। कोई पटाखे से जख्‍मी होने की बात कह रहा तो कोई कुछ और। पुलिस हर पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।गौरतलब है कि शादियों की सूचना थाने में देनी जरूरी है। इसके साथ ही मेहमानों की संख्‍या भी सीमिति कर दी गई है। बावजूद इसके कई जगह शादियों में खूब भीड़ हो रही है। एहतियातों की जमकर धज्जियांं उड़ाई जा रही है।   

chat bot
आपका साथी