ससुराल आए पति ने पत्नी की हत्‍या करने का किया प्रयास, गड़ासी के वार से जख्‍मी महिला का चल रहा इलाज

शिवपुर गांव में ससुराल आए युवक ने अपनी पत्नी पर गड़ासी से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया और फरार हो गया। घायल महिला को उसके परिजनों ने बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल में भर्ती किया है। महिला की स्थिति चिंताजनक है।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 05:06 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 05:06 PM (IST)
ससुराल आए पति ने पत्नी की हत्‍या करने का किया प्रयास, गड़ासी के वार से जख्‍मी महिला का चल रहा इलाज
पति ने पत्नी की हत्‍या करने का किया प्रयास। प्रतीकात्‍मक चित्र।

संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज (सासाराम)। थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में ससुराल आए युवक ने अपनी पत्नी पर गड़ासी से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया और फरार हो गया। घायल महिला को उसके परिजनों ने बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल में भर्ती किया है। महिला की स्थिति चिंताजनक है और वह जीवन व मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शिवपुर निवासी सच्चिदानंद पाण्डेय की 27 वर्षिय पुत्री प्रतीक्षा देवी की शादी 15 वर्ष पूर्व दावथ थाना क्षेत्र के पठख़ौलिया निवासी बबन पाठक के पुत्र पुनपुन पाठक से हुई थी। शुरुआत से ही पति पत्नी का संबंध ठीक नहीं रहा, इस दौरान उसकी दो पुत्री और एक पुत्र भी हुआ। लेकिन लगभग 7 वर्षों से दोनों के बीच संबंध अत्यधिक खराब था। प्रतीक्षा अपने मायके शिवपुर में ही रह रही थी और जीविका से जुड़ी हुई थी। पिछले कुछ माह से वह ससुराल आने लगा और किसी विवाद को लेकर बार बार अपनी पत्नी से तलाक मांगने लगा।

बताया जाता है कि करीब एक पखवाड़े पूर्व भी वह शिवपुर आया था और अपनी पत्नी से विवाद किया था। शुक्रवार को उसकी पत्नी गांव में से जीविका की बैठक में शामिल होकर अपने घर लौट रही थी, इसी बीच घर से कुछ दूरी पहले ही घात लगाए उसके पति ने गड़ासी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी के गर्दन, उंगली के अलावा हाथ, पैर पर कई जगह हमला करके काट दिया और उसे मरा समझकर भाग गया। महिला को लहूलुहान स्थिति में घर वाले और ग्रामीणों ने करुणा अस्पताल लाकर भर्ती किया है।

महिला को अत्यधिक रक्तस्त्राव हुआ है। अभी भी उसकी स्थिति चिंताजनक है। डॉ. कामेन्द्र सिंह ने बताया कि जख्मी महिला की स्थिति अभी काफी गंभीर है। गर्दन की मोटी नस भी कट गई है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने जख्मी महिला के भाई ध्रुव कुमार पांडेय के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और उसके पति की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

chat bot
आपका साथी