Bihar: रोजी-रोटी का हुआ संकट तो उठाया खौफनाक कदम, पत्नी की हत्या के बाद लगा ली फांसी
रोहतास थाना क्षेत्र के बंजारी गांव में रविवार रात एक युवक ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी के फंदे से झूल गया। ग्रामीणों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूर थे। लॉकडाउन में काम नहीं मिलने के कारण परेशान थे।
जागरण संवाददाता, रोहतास। रोहतास थाना क्षेत्र के बंजारी में रविवार रात एक व्यक्ति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली। घटना की जानकारी सोमवार को हुई। पति-पत्नी की मौत से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। मृतकों में पूरन भुइयां (30) व उसकी पत्नी चिंता देवी (25) शामिल हैं। घटना का कारण आर्थिक तंगी के कारण पारिवारिक कलह बताया जाता है।
पति-पत्नी के बीच रात में हुआ था झगड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि पूरन भुईयां व उसकी पत्नी चिंता देवी के बीच रविवार रात झगड़ा हुआ था। झगड़े की आवाज उनलोगों ने भी सुनी थी। इसके बाद क्या हुआ पता नहीं। समझा जाता है कि झगड़े के बाद गुस्से में पूरन ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर झूल गया। पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। लॉकडाउन में कहीं काम न मिलने के कारण दोनों के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई थी। पति-पत्नी के बीच आर्थिक संकट के कारण रोज-रोज किचकिच होती थी।
छोटे-छोटे बच्चों के बिलखने पर पहुंचे ग्रामीण
सोमवार को उनकी बेटी खुशबू (सात वर्ष), खुशी (छह वर्ष) और बेटा पवन (पांच वर्ष) की सुबह में नींद खुली तो मां को बेसुध पड़ा देखा। वे मां को उठाने लगे। लेकिन काफी हिलाने-डुलाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो बच्चे पिता के कमरे में गए। उन्हें फंदे पर लटका हुआ देखकर बच्चे डर गए। वे डर से चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों के लगातार रोने पर आसपास के लोगों ने घर में आकर देखा तो वे वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी हुई थी तो पति फंदे से झूला हुआ था।लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का दिख रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति और स्पष्ट होगी।