आवास का मिला होता लाभ तो बच सकती थी मां व दो बच्चों की जिंदगी, मिट्टी नहीं बनती काल

कैमूर जिले के चांद प्रखंड के बिउरी गांव में रामअवतार राम की पत्नी और दो बच्चों की मौत मिट्टी की दीवार गिरने से हो गई। लोगों का कहना है कि अत्‍यंत गरीब होने के बावजूद उन्‍हें इंदिरा आवास का लाभ नहीं दिया गया।

By Edited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 07:33 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 04:52 PM (IST)
आवास का मिला होता लाभ तो बच सकती थी मां व दो बच्चों की जिंदगी, मिट्टी नहीं बनती काल
इसी दीवार के गिरने से हुई मौत। जागरण

जागरण संवाददाता, कैमूर। जिले के चांद प्रखंड के बिउरी गांव में जिस रामअवतार राम की पत्नी और दो बच्चों की मौत मिट्टी की दीवार गिरने से हुई। उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। यह तो ऐसे समय में दुर्घटना हुई जब बरसात भी नहीं है। जब बरसात शुरू होगी तो ऐसे कई लोग हैं जिनके घर गिरने की स्थिति में होंगे। जो इस लाभ को पाने के लिए योग्य हैं लेकिन उन्हें लाभ नहीं मिला, इस कारण उनका घर आज तक झोपड़ीनुमा ही है।

क्‍यों नहीं दिया गया योजना का लाभ

अब सवाल उठता है कि प्रखंड में जो आवास योजना का लाभ दिया गया है आखिर वह किस मानक पर। जो पदाधिकारी व कर्मी है उनकी नजरें इस तरह के घरों में रहने वाले लोगों पर क्यों नहीं पड़ती। घटना के बाद यह सवाल सबके मुंह से सुनने में आ रहा है कि राम अवतार राम को आवास योजना का लाभ क्यों नहीं दिया गया। बता दें कि शुक्रवार की देर शाम बिउरी गांव में राम अवतार राम का झोपड़ीनुमा घर की मिट्टी की दीवार गिर गई। जिससे राम अवतार राम की पत्नी चंचल देवी और उसका पुत्र सत्यम व पुत्री शिवानी की मौत हो गई।

खेल रहे थे बच्‍चे तभी गिरी दीवार

घटना के समय राम अवतार राम घर पर नहीं थे। घर में दोनों बच्चे आंगन में खेल रहे थे। बच्चों की मां बगल में बर्तन साफ कर रही थी। उसी समय मिट्टी की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। दीवार गिरने से उसमें दब कर दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। दीवार में दबने से गंभीर घायल महिला चंचल देवी उम्र 27 वर्ष को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बता दें कि राम अवतार राम के पिता की मौत पूर्व में ही हो चुकी है। वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से अब वह अकेला रह गया है। उसके साथ आस पड़ोस के लोगों में भी घटना को लेकर दुखित हैं। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के आरोप पर बीडीओ रवि रंजन ने कहा कि यह जांच कराया जाएगा कि आखिर उक्त व्यक्ति को आवास का लाभ क्यों नहीं मिल सका।

chat bot
आपका साथी