Gaya Weather Update: गया में 34 डिग्री तापमान के बीच बारिश के भी आसार, कैमूर में माैसम सुहावना

गया जिले में आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस को छू जाएगा। साफ है कि आज जिले वासियों को गर्मी महसूस होगी। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पास रहेगा। जानिए आज के मौसम का हाल ।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 07:21 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:35 AM (IST)
Gaya Weather Update: गया में 34 डिग्री तापमान के बीच बारिश के भी आसार, कैमूर में माैसम सुहावना
गया में बादलों व धूप की चल रही लुका-छिपी, सांकेतिक तस्‍वीर।

गया, जागरण संवाददाता।  गया जिले में आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस को छू जाएगा। साफ है कि आज जिले वासियों को गर्मी महसूस होगी। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पास रहेगा। आज की सुबह में मौसम की बात करें तो आसमान में हल्के बादलों के बीच खिली खिली धूप है। सूरज की रोशनी में काफी तीक्ष्णता अभी से महसूस हो रही है।  इस बीच मौसम के पूर्वानुमान में आज भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 56 मिलीमीटर तक बारिश होने का अंदेशा  है। गुरुवार की दोपहर बाद शाम 4:15 बजे करीब 20 मिनट के लिए अच्छी बारिश शहर में हुई थी। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉ जाकिर हुसैन ने कहा कि आज भी शहर समेत प्रखण्ड इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बादलों की गर्जना भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज तापमान में तेजी के कारण गर्मी भी महसूस होगी।

झमाझम बारिश से धान के पौधे को मिली संजीवनी

उधर, कैमूर के रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। रोग व्याध वाली नक्षत्र उतरा में हो रही झमाझम बारिश से धान के पौधे को संजीवनी मिल गई है। उमस भरी गर्मी में हो रही रुक- रुक कर  बारिश होने से मौसम भी सुहाना हो गया है। धान के पौधों में अनेकों प्रकार के लगने वाले रोग से छुटकारा भी मिल जाएगा। यह बारिश हथिया नक्षत्र जैसे फायदेमंद किसानों के लिए होने जा रही है। जिस उतरा नक्षत्र में कभी खेत से पानी उतारा जाता है। अब उसी नक्षत्र में बारिश का होना किसानों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।

गुरुवार को रुक रुककर हो रही बारिश से किसानों के खेत में लगे धान के पौधों के लिए अमृत समान हो गया है। इस बारिश के होते देख किसान के चेहरों पर खुशी दिखी। इसरी के किसान अभय सिंह, विदामनचक के त्रिपुरारी चौबे, भोखरी के किसान धनंजय सिंह आदि लोगों ने बताया कि खास मौके पर उतरा नक्षत्र की बारिश से हथिया नक्षत्र का काम हो रहा है। उसी नक्षत्र में झंकरी लगती थी। लेकिन पूर्वानुमान के अनुसार इस बारिश से किसानों की अब धान की फसल मारी नहीं जाएगी। मौसम के ठंडा होने से खेतों में लगी फसलों में अब रोग भी नहीं लगेगा। यह बारिश चारों तरफ से किसानों के लिए फायदेमंद है।

वज्रपात से बाल-बाल बचे गृहस्वामी

गया जिले के मानपुर मुफस्सिल थाना के मायपुर गांव के एक मकान पर गुरूवार को वज्रपात होने से घर के लोग बाल-बाल बच गए। लेकिन मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। मकान पक्‍का है। राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष किशोरी यादव ने बताया कि दिनेश यादव के मकान पर चमक के साथ बिजली गिरी। जोरदार आवाज और चमक से घर के सारे लोग भयभीत हो गए। लेकिन किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ।

chat bot
आपका साथी