Gaya Weather Forecast: गया में बदल रहा मौसम का मिजाज, आसमान में बादल, बारिश होने के पूर्ण आसार

जिले में आज सुबह से आसमान काले-काले बादलों से ढका हुआ है। ठंडी हवा बह रही है। मौसम तरोताजा है। बारिश के आसार बने हुए हैं। जिले के मौसम विज्ञानियों ने सटीक पूर्वानुमान दिया था। जानिए गया में बारिश का पूर्वानुमान।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:59 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 01:54 PM (IST)
Gaya Weather Forecast: गया में बदल रहा मौसम का मिजाज, आसमान में बादल, बारिश होने के पूर्ण आसार
गया में उमड़ते-घुमड़ते बादलों के बरसने के पूर्ण आसार, सांकेतिक तस्‍वीर।

गया, जागरण संवाददाता। गया जिले में आज सुबह से आसमान काले-काले बादलों से ढका हुआ है। ठंडी हवा बह रही है। मौसम तरोताजा है। बारिश के आसार बने हुए हैं। जिले के मौसम विज्ञानियों ने सटीक पूर्वानुमान दिया था। उनके अनुसार मौसम अपना रुख बदलेगा और अच्‍छी बारिश होगी। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉ जाकिर हुसैन ने कहा कि आज, कल व परसों यानी 23-25 तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं। दक्षिण पूर्व- झारखंड में बने कम दबाव का क्षेत्र बालासोर होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। वहीं दक्षिण पूर्व झारखंड में बने कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती परिसंचरण के रूप में समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक विस्तारित है। गया में अगले 2 दिनों तक अच्छी बारिश की प्रबल संभावना है।

आज, गुरुवार की बारिश पूर्वानुमान की बात करें तो 27 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। वहीं मौसम में गर्मी के लिहाज से आज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटों में यदि बारिश होती है तो खेती के लिए लिहाज से यह फायदेमंद होगा। धान की खेती को फायदा पहुंचेगा।

वहीं दूसरी ओर राज्‍य के अन्‍य जिलों यथा सासाराम और कैमूर में जमकर बारिश हो रही है। सासाराम में बुधवार रात से ही अच्‍छी बारिश हो रही है। वहां सुबह से रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं।  कैमूर में भी रात से ही बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया था। सुबह से वहां झमाझम बारिश हो रही है। बता दें कि इस साल मानसून में बिहार के करीब सभी जिलों में सामान्‍य से ज्‍यादा बारिश हुई है। सामान्‍य तौर पर बिहार में अक्‍टूबर के पहले सप्‍ताह तक मानसून की विदाई होती है। इस साल मौसम विज्ञानियों के अनुसार बिहार से 10 अक्‍टूबर तक मानसून की विदाई हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी