Gaya News: चैत्र प्रतिपदा से नूतन वर्ष का शुभारंभ,पांच लाख भगवा ध्वज से पट जाएगा गया शहर

Gaya News चैत्र प्रतिपदा से नूतन वर्ष का शुभारंभ हो रहा है। गया में इसके लिए तैयारियां जारी हैं। गया शहर को पांच लाख भगवा ध्वज से पाट दिए जाने की योजना है। जगह-जगह शोभा यात्राएं भी निकालीं जाएंगी।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 07:36 AM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 07:36 AM (IST)
Gaya News: चैत्र प्रतिपदा से नूतन वर्ष का शुभारंभ,पांच लाख भगवा ध्वज से पट जाएगा गया शहर
गया में श्रीराम नवमी पूजा की तैयारियां जारी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

गया, जागरण संवाददाता। विक्रम संवत यानि हिन्दी माह के अनुसार चैत्र वर्ष प्रतिपदा से नूतन वर्ष की शुरुआत होती है। वर्ष प्रतिपदा यानि नूतन वर्ष 13 अप्रैल से शुरु हो रही है। नूतन वर्ष के स्वागत, उत्साह और उमंग को लेकर गया शहर को भगवा ध्वज से सजाया जाएगा। इसे लेकर अलग-अलग संगठनों द्वारा पांच लाख भगवा ध्वज (झंडा) तैयार किए गए हैं। इतनी संख्या में ध्वज को शहर के चौक-चौराहा, गलियां, बाजार और प्रमुख स्थलों पर लगाया जाएगा। इसे लेकर अलग-अलग संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता लगे हैं। झंडा लगाने का काम सोमवार से 21 अप्रैल यानि श्रीराम नवमी पूजा तक चलेगा।

13 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिन्दू सेना, हिन्दू जागरण मंच सहित दर्जनों सामाजिक संगठन चैत्र वर्ष प्रतिपदा से नूतन वर्ष की तैयारी कर रहे हैं। 13 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दिन नूतन वर्ष की बधाई देंगे।

श्रीराम नवमी तक लगाए जाएंगे पांच लाख भगवा ध्वज

साथ ही इस दिन श्रीराम नवमी पूजा तक पांच लाख भगवा ध्वज लगाने की योजना है। बताया गया कि सबसे पहले की शुरुआत विष्णुपद मंदिर से होगी। उसके बाद शहर के प्रमुख जीबी रोड से नई गोदाम तक, चौक  रोड, केपी रोड, पुरानी गोदाम, टिकारी रोड, स्टेशन रोड, शाहमीर तकिया, चांदचौरा, सूर्यकुंड, माड़पुर बाइपास, मंगलागौरी, मानपुर, मोफस्सिल, लखीबाग, अबगिला, पटवाटोली सहित अन्य मार्गो पर ध्वज लगेंगे। इसके लिए 125 टोलियों का गठन किया गया है। प्रत्येक टोली अपने-अपने क्षेत्र में ध्वज लगाएंगे। आने वाले एक सप्ताह में पूरा शहर भगवा ध्वज से पट जाएगा। भगवा ध्वज के साथ ही श्रीराम नवमी पूजा की शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।   

श्रीराम नवमी पूजा पर जगह-जगह निकलेंगीं शोभा यात्राएं

इधर, बताया गया कि श्रीराम नवमी पूजा पर गया शहर, बेलागंज, मानपुर, लखनपुर, खिरियावां सहित अन्य 150 स्थानों से शोभा यात्रा झंडा निकालने की योजना है। इसे लेकर संगठन के  वरीय पदाधिकारी की लगातार बैठक चल रही है। अंतिम निर्णय केंद्रीय कमेटी लेगी, लेकिन मोहल्ला और वार्ड कमेटी अपने-अपने स्तर से शोभा यात्रा को लेकर धनसंग्रह करने का कार्य कर रही है। शोभा यात्रा 21 अप्रैल को निकालने की बात हो रही है।

chat bot
आपका साथी