Gaya News: भाजपा नेता व मुखिया जी ने स्‍टे आर्डर मिलते ही दी शराब-कबाब की पार्टी, पांच सहित हुए गिरफ्तार

जगरनाथपुर में शराब-कबाब पार्टी करना निवर्तमान मुखिया और भाजपा नेता को महंगा पड़ गया। शनिवार की देर रात पुलिस ने पार्टी में खलल डालते हुए शराब के नशे में रहे निवर्तमान मुखिया व भाजपा नेता समेत पांच लोगों को दबोच लिया।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 09:22 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 01:42 PM (IST)
Gaya News: भाजपा नेता व मुखिया जी ने स्‍टे आर्डर मिलते ही दी शराब-कबाब की पार्टी,  पांच सहित हुए गिरफ्तार
शराब-कबाब पार्टी मुखिया जी को पड़ गई महंगी, सांकेतिक तस्‍वीर।

फतेहपुर (गया), संवाद सूत्र। जगरनाथपुर में शराब-कबाब पार्टी करना निवर्तमान मुखिया और भाजपा नेता को महंगा पड़ गया। शनिवार की देर रात पार्टी चल ही रही थी कि पुलिस ने पार्टी में खलल डाल दिया। पुलिस को पार्टी की भनक लग गई और टीम ने घटनास्‍थल पर पहुंचकर शराब के नशे में रहे निवर्तमान मुखिया व भाजपा नेता समेत पांच लोगों को दबोच लिया। पुलिस ने निवर्तमान मुखिया धर्मेंद्र कुमार, बीजेपी किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धरमजीत कुमार सिंह, बिलेंदपुर निवासी अरविंद सिंह, जगरनाथपुर निवासी दिलीप सिंह एवं अमीरक सिंह को गिरफ्तार किया है।

पहले से दर्ज कांड में फरार था मुखिया

जगरनाथपुर पंचायत के निवर्तमान मुखिया धर्मेंद्र कुमार पर अरगा में 2020 में दर्ज कांड में गिरफ्तारी के लिए वारंट निकला था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, पर मुखिया फरार चल रहा था। शनिवार को कोर्ट से गिरफ्तारी पर 22 सितंबर तक के लिए स्टे आर्डर दिया गया। उसके बाद इसी खुशी में शराब और कबाब पार्टी चल रही थी। इसमें शामिल होने के लिए भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धरमजीत कुमार सिंह सहित अन्य लोग पहुंचे। मगर शराब और कबाब पार्टी में पुलिस हड्डी बन गई। मुखिया जी को फिर जेल की हवा खानी पड़ी।

थानाध्यक्ष मनोज राम ने बताया कि वह क्षेत्र भ्रमण में थे। इसी दौरान निवर्तमान मुखिया के घर शराब पार्टी की सूचना मिली। छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध मद्य निषेध संशोधित अधिनियम की धारा-37 बी/सी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इतना सब होने के बाद हालांकि मुखिया जी व भाजपा नेता अब यह कह रहे हैं कि उन्हें राजनीतिक षडय़ंत्र के तहत विरोधियों ने फंसाया है।

देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार

 उधर, मानपुर प्रखंड के बुनियादगंज थाना के हरी बगीचा से एक युवक को पुलिस ने रविवार को देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि लखन मांझी 10 लीटर देशी शराब बिक्री करने के उदेश्य से ले जा रहा था। वह हरी बगीचा के समीप का ही रहने वाला है।

chat bot
आपका साथी