Gaya Crime: मामूली विवाद के बाद चार युुवकों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, छुड़ाने गई पुलिस पर हमला

गया के मोहनपुर थानाक्षेत्र के रघवाचक गांव में पिटाई के बाद बंधक बनाए गए चार युवकों को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद चार युवकों को बंधक बनाया गया था।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 02 May 2021 08:33 PM (IST) Updated:Sun, 02 May 2021 08:33 PM (IST)
Gaya Crime: मामूली विवाद के बाद चार युुवकों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, छुड़ाने गई पुलिस पर हमला
मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला। प्रतीकात्‍मक फोटो

फतेहपुर (गया), संवाद सूत्र। रविवार को दो गांव के कुछ युवकों के बीच रघवाचक मोड़ के पास हुई नोक झोंक दोपहर होते-होते बड़ी घटना में तब्दील हो गई। धक्‍का मारकर वाहन गिराने के बाद  लोगों ने धक्‍का मारने वाले चार युवकों की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। बाद में दंगा नियंत्रण वाहन के साथ बड़ी संख्‍या में पुलिस के पहुंचने पर बंधक बने युवकों को मुक्‍त कराया जा सका। पुलिस पर हमला करनेवालों की पहचान में पुलिस जुटी है।   

धक्‍का मारकर गिरा दिया बाइक सवार को 

जानकारी के अनुसार रघवाचक टेम्पू स्टैंड के पास मोहनपुर थाना क्षेत्र के केवला के छह एवं रघवाचक के कुछ युवकों में नोकझोंक हो गई। दोपहर में घटना में शामिल रघवाचक का एक युवक फतेहपुर से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान अमरपुर के पास उसके वाहन को केवला के युवक ने धक्का मारकर गिरा दिया गया। इससे बाइक सवार को काफी चोटें आईं। घायल युवक की सूचना जैसे ही उसके गांव पहुंची। उसके बाद वहां के ग्रामीणों ने धक्का मारने वाले वाले चार युवकों को दबोच लिया। उनकी जमकर धुनाई कर दी। सभी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। बंधक बनाने की सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। युवकों को छुड़ाने का प्रयास किया। इससे गुस्‍साए लोगों ने पुलिस दल पर पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिस के वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

वज्रवाहन के साथ पहुंची पुलिस तो भागे हमलावर 

पुलिस बल ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी। सहायता करने के लिए टनकुप्पा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान दंगा नियंत्रण वाहन को मौके पर पहुंचा। भारी संख्या में पुलिस पहुंची तब हंगामा करने वाले चंपत हो गए। बंधक युवकों को ग्रामीणों के चुंगल से छुड़ाया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घायल युवक रघवाचक निवासी विकास है। वही बंधक युवक मोहनपुर थाना क्षेत्र के केवला के हैं। सभी को फतेहपुर थाना में रखा गया है। घटना को लेकर अभी किसी ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गयी है। पुलिस पर हमला करने के कारण पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज करेगी। फिलहाल पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने में जुट गई है। 

chat bot
आपका साथी