Good News: औरंगाबाद शहर में जल्द पाइप लाइन से शुरू होगी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर से मिलेगा छुटकारा

औरंगाबाद शहर के लोगों को अब सिलेंडर लाने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। पाइपलाइन के माध्‍यम से घरों में गैस की आपूर्ति की जाएगी। इसकाे लेकर शहर के बाहरी हिस्‍से में पाइप लाइन बिछाई जा रही है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 08:05 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 08:05 AM (IST)
Good News: औरंगाबाद शहर में जल्द पाइप लाइन से शुरू होगी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर से मिलेगा छुटकारा
अब नहीं होगा सिलेंडर लाने का झंझट। प्रतीकात्‍मक फोटो

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद शहर में जल्द ही पाइपलाइन से रसोई गैस की आपूर्ति होगी। इसको लेकर पाइप बिछाई जा रही है। वर्तमान में शहर के बाहरी हिस्‍से और पुरानी जीटी रोड के किनारे पाइप बिछाने का काम चल रहा है। शहरी क्षेत्र में भी जल्‍द ही काम शुरू होगा। इससे न केवल घरों के लिए बल्कि वाहनों के लिए भी गैस की आपूर्ति की जाएगी। उम्‍मीद जताई जा रही है कि इसी वर्ष पाइप बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

गेल इंडिया की ओर से कराया जा रहा कार्य

गेल इंडिया कंपनी के पेट्री कांट्रेक्टर को गैस पाइप लाइन बिछाने की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है। अभी शहर के बाहरी हिस्से और शहर से होकर गुजरी पुरानी जीटी रोड के किनारे पाइप बिछाने का कार्य किया जा रहा है। गेल इंडिया कंपनी ने शहर के बाहर मेन पाइप लाइन लगाने का कार्य करीब एक वर्ष पहले पूरा कर लिया था। यह मेन पाइप लाइन झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही से इलाहाबाद ले जाई गई है। गेल इंडिया ने शहर में गैस की आपूर्ति के लिए बेला में सब स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया है। जैसे ही शहर में गैस पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा होगा सब स्टेशन से गैस की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

चार-पांच महीने का लग सकता है समय

डीएम सौरभ जोरवाल ने बताया की शहर में पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति होने में करीब चार से पांच माह का समय लगेगा। हालांकि इस संबंध में जल्द ही गेल इंडिया कंपनी व पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। कार्य की समीक्षा की जाएगी।रेडक्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह ने बताया की जब शहर में पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति शुरु हो जाएगी तब शहर के लोगों को रसोई गैस का सिलेंडर लाने से छुटकारा मिल जाएगा। बताया कि अभी शहर के मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। हालांकि पाइप बिछाने वाली कंपनी के कर्मियों के अनुसार दो से तीन माह में शहर में गैस का पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी