Kaimur: दरवाजे पर सो रहे कोरोना संक्रमित युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान, चार के खिलाफ प्राथमिकी

कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के देवरर्जी खुर्द गांव के कोरोना संक्रमित एक युवक पर शुक्रवार रात फायरिंग की गई। इस घटना में वह बाल-बाल बच गया। इस मामले में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 05:33 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 05:35 PM (IST)
Kaimur: दरवाजे पर सो रहे कोरोना संक्रमित युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान, चार के खिलाफ प्राथमिकी
दरवाजे पर सो रहे युवक पर फायरिंग। प्रतीकात्‍मक फोटो

भभुआ (कैमूर), जागरण संवाददाता।  थाना क्षेत्र के देवरर्जी खुर्द निवासी कोरोना पॉजिटिव युवक ने अपने ऊपर फा‍यरिंग का आरोप लगाते हुए गांव के तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें सौंगर गांव निवासी रामवतार राम, बीरबल राम व दो अज्ञात को आरोपित किया है। बताया है कि फायरिंग में वह बाल-बाल बचा।

 कोरोना की वजह से सोया था दरवाजे पर

प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन में देवरर्जी खुर्द निवासी सुनील कुमार सिंह ने लिखा है कि वह कोरोना संक्रमित हैं। इस कारण घर के बाहर सोते हैं। आठ अप्रैल की शाम सौंगर गांव निवासी रामावतार राम से उसकी बकझक हो गई। उसी रात लगभग 12 बजे सौंगर गांव निवासी रामावतार व देवर्जी खुर्द निवासी बीरबल राम दो अन्य लोगों के साथ पहुंच गया। उसपर फायरिंग कर दी। संयोग से गोली दीवार में लग गई और उसकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज से सुनील हड़बड़ा कर उठा तो रामावतार राम व अपने गांव के बीरबल राम को दो अन्य लोगों के साथ भागते देखा। इसके बाद सुनील ने घटना का विवरण देते हुए दो नामजद सहित चार लोगों के विरूद्ध भभुआ थाना में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष रामानंद मंडल ने की।

विशेष जांच अभियान में शराब मामले में 215 लोगों की हुईं गिरफ्तारी

जिले में उत्पाद विभाग व पुलिस द्वारा अलग-अलग अभियान चला कर शराब पीने व बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर बीते मार्च माह में 215 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा लगभग 35 वाहनों को जब्त किया गया है। उत्पाद विभाग व पुलिस विभाग शराब धंधेबाजों पर नकेल कसने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा जिले की सीमा पर नाका बना कर वाहनों की जांच पड़ताल का कार्य लगातार कर रहा है। इससे अवैध शराब बिक्री करने वाले धंधेबाजों के मंसूबे सफल नहीं हो पा रहे। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शराब धंधेबाजों पर नजर रखने के लिए जीटी रोड कर्मनाशा बॉर्डर पर व अन्य सीमा से जुड़े मुख्य पात्रों पर पुलिस पदाधिकारियों की टीम गठित कर दिन-रात चौकसी बरती जा रही है। ताकि कोई अवैध रूप से जिले से शराब लेकर नहीं निकल सके। उन्होंने बताया कि मद्य निषेध विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत 32 लोगों की गिरफ्तारी की गई। जबकि पुलिस ने 183 लोगों की गिरफ्तारी की। इस तरह से कुल 215 लोगों की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने बताया कि उत्पाद विभाग द्वारा 692.880 व पुलिस के द्वारा 2066.520 लीटर विदेशी शराब को जब्त किया गया।

chat bot
आपका साथी