औरंगाबाद में नहर में डूबने से आठ साल के बच्चे की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

औरंगाबाद में नहर में नहाने के दौरान आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि बच्चा अकेल नहर में नहाने चला गया था और नहाने के दौरान वो डूब गया।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 06:04 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 06:04 PM (IST)
औरंगाबाद में नहर में डूबने से आठ साल के बच्चे की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
औरंगाबाद में आठ साल के बच्ची की डूबने से मौत। सांकेतिक तस्वीर

रामपुर (औरंगाबाद), जागरण संवाददाता। स्थानीय प्रखंड के बेलांव थाना क्षेत्र अंतर्गत तरांव गांव में नहाने के दौरान नहर में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक तरांव गांव के पिंटू कुमार का आठ वर्षीय पुत्र सचिन कुमार बताया जाता है। घटना की जानकारी होते ही बेलांव थाना के एसआइ कामता प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ के लिए भेज दिया।

नहर में डबूने से हुई मौत

परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह मां खाना पीना बनाकर अपने दो बच्चों के साथ गांव से दक्षिण दिशा में स्थित तरांंव पहाड़ी के नजदीक दुर्गा मंदिर के पास गई। जहां दोनों बच्चे को बैठाकर घर में जलावन के लिए लकड़ी चुनने जंगल की ओर निकल गईं। इसके बाद सचिन अपनी छोटी बहन से कह कर नहर में स्नान करने के लिए चला गया। इसी दौरान नहाने के क्रम में वह डूब गया। परिजनों ने बताया कि गांव के ही एक लड़के ने बकरी चराते समय उसको देखा कि वह नहर में नहा रहा है। इसके बाद वह घर चला आया। घर से जब पुन: उस स्थान पर गया तो देखा कि लड़का का कपड़ा वहां पर है लेकिन लड़का नहर से गायब है। इसके बाद गांव में आकर हंगामा किया तब घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लड़के की खोजबीन शुरू हुई। काफी खोजबीन के बाद नहर में उसका शव मिला। ग्रामीणों द्वारा बेलांव थाना की पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की माता मनवर्षी देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।मृतक तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। इसके बाद चार साल की एक बच्ची डंपी कुमारी व एक आठ माह की अनिता कुमारी बताई जाती है। मृतक के पिता दस दिन पूर्व ही चेन्नई कमाने के लिए गए हैं। इस संबंध में सीओ लवली कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद राजस्व कर्मचारी को भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा विभाग से जो भी मुआवजा होगा मृतक के परिजनों को दिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी