सासाराम में बुलडोजर से ध्‍वस्‍त कर दिया मकान, तीन घंटे तक दबंग मचाते रहे उपद्रव, नहीं पहुंची पुलिस

रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दबंगों ने एक मकान को बुलडोजर से ढाह दिया। करीब तीन घंटे तक वे तबाही मचाते रहे। इस दौरान घर के सभी सदस्‍यों को एक कमरे में बंद कर उनके मोबाइल भी छीन लिए थे।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 11:48 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 11:48 AM (IST)
सासाराम में बुलडोजर से ध्‍वस्‍त कर दिया मकान, तीन घंटे तक दबंग मचाते रहे उपद्रव, नहीं पहुंची पुलिस
बुलडोजर चलाकर ध्‍वस्‍त किया गया मकान। जागरण

सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। शहर के रिहायशी इलाका सिविल लाइन में शनिवार के तड़के दबंगों ने एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। घटना को अंजाम देने के दौरान परिवार के आधा दर्जन सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। मकान तोड़े जाने का विरोध किए जाने पर निरंजन कुमार, मुकेश कुमार, जयराम सिंह व शशि कुमारी समेत कई अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। पीड़‍ित पक्ष ने फायरिंग का आरोप भी लगाया है। बताया जाता है कि मामला कोर्ट में चल रहा था।

तीन घंटे तक मचता रहा तांडव

पीड़ित मुकेश कुमार के अनुसार घटना को अंजाम देने से पहले कई चक्र फायरिंग भी की गई। दर्जनों की संख्या में आए हथियारबंद लोगों ने पुलिस प्रशासन को खुलेआम चुनौती देते हुए लगभग तीन घंटे तक तांडव मचाया। मकान तोड़े जाने के दौरान घर के सभी सदस्यों का मोबाइल फोन भी दबंगों ने अपने कब्जे में ले लिया। घर को ध्वस्त करने के बाद कीमती सामान को भी वे लोग अपने साथ लेते गए।

चंद कदमों की दूरी से भी नहीं पहुंची नगर थाने की पुलिस

घर ध्वस्त हो जाने के बाद खुले आसमान के नीचे रह रहे परिवार के सदस्यों ने कहा कि घटनास्थल से चंद गज की दूरी पर स्थित नगर थाना की पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंच पाई। सदर डीएसपी का आवास भी बगल में है। बावजूद इसके प्रशासनिक स्तर पर कोई मदद नहीं मिली। पीड़ित जयराम सिंह ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनकी माने तो पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से घटना को अंजाम दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त मकान को ले काफी समय से न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। न्यायालय से किसी प्रकार की राहत नहीं मिलने के बाद मकान पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

chat bot
आपका साथी