Bihar Panchayat Chunav Result 2021: आने लगे रूझान, गया, औरंगाबाद, नवादा, रोहतास और कैमूर का जानें चुनाव परिणाम

बिहार के गया औरंगाबाद नवादा रोहतास और कैमूर जिले के प्रखंडों में आज पहले चरण के पंचायत चुनाव नतीजों के लिए मतगणना हो रही। सुबह 10 बजे से रुझान आने शुरू हो गए। यहां देखिए चुनाव परिणामों के ताजा अपडेट्स।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 08:55 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 02:41 PM (IST)
Bihar Panchayat Chunav Result 2021: आने लगे रूझान,  गया, औरंगाबाद, नवादा, रोहतास और कैमूर का जानें चुनाव परिणाम
गया मतगणना केंद्र के बाहर लगी भीड़, जागरण फोटो।

जागरण आनलाइन डेस्‍क, गया। पंचायत चुनाव में आज नतीजों का दिन है। पहले चरण के लिए गया के बेलागंज और खिजरसराय प्रखंड में हुए चुनाव के बाद आज परिणाम सामने आएगा।  गया जिले में पहले चरण के लिए हुए चुनाव में कुल  3317 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज होना है। गया के अलावा पहले चरण में 24 सितंबर को रोहतास जिला के दावथ व संझौली , कैमूर जिला के कुदरा, नवादा के गोविंदपुर और औरंगाबाद सदर प्रखंड में चुनाव संपन्‍न हुआ ।

गया सहित नवादा, सासाराम, औरंगाबाद और कैमूर में मतगणना केंद्र से ताजा अपडेट्स

विभिन्‍न प्रखंडों से पंचायत चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। प्रत्‍याशियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। लोगों में चुनाव परिणाम को लेकर जबरदस्‍त उत्‍साह व उत्‍सुकता है। मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

- गया जिले के बेलागंज प्रखंड के कोरमथू पंचायत के वर्तमान मुखिया अनिल कुमार दोबारा निर्वाचित हुए। वह 299 मतों से विजयी हुए हैं। उन्‍होंने गया केंद्रीय कारा में बंद कौशल कुमार शर्मा को पराजित किया है। इसी तरह मनोज कुमार शर्मा कोरियाम पंचायत के मुखिया चुने गए। उन्‍होंने अशोक शर्मा को 927 मतों से पराजित किया है। 

- कैमूर जिला के कुदरा प्रखंड के खरहना पंचायत से अशोक चौरसिया मुखिया निर्वाचित हुये हैं।

- कैमूर जिला के ससना पंचायत से जैतुन बीबी व सलथुआं से रिंकी मिश्रा मुखिया निर्वाचित हुईं।

- कुदरा भाग एक से मधु यादव जिला पर्षद सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उन्होनें अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गायत्री देवी को 8002 मतों से पराजित किया। मधु यादव को 20160 मत व गायत्री देवी को 12158 मत प्राप्त हुए।

- पहले राउंड में ससाराम के दावथ के जमशोना पंचायत की गिनती हुई। जिसमें मुखिया पद के पूर्व मुखिया ने ही जीत हासिल की। संझौली के चांदी में मिथलेश कुमार यादव ने मुखिया पद पर जीत हासिल की है।

- औरंगाबाद प्रखंड की पडरावां पंचायत का चुनाव परिणाम सबसे पहले आया। उसके बाद खैरा बिंद, कर्मा भगवान, इब्राहिमपुर, कुरमहा, फेसर, पोखराहां, परसडीह, मंझार, नौगढ़, बेला, पोइवां, ओरा, खैरा मिर्जा और जम्‍होर का क्रमवार चुनाव परिणाम आएगा।

- पडरावां से गुलशन कुमार 253 वोट से अनिल पासवान से हारे।  

- पंचायत समिति क्षेत्र संख्या-1 से सरिता देवी ने जीत दर्ज की।

- पंचायत समिति में बादशाह यादव जीते। लगभग 1390 मत मिले।

- खैरा बिंद से सुजीत सिंह 221 मत से जीते, संतोष सिंह दूसरे स्थान पर।

- वार्ड नंबर दस से वार्ड सदस्य प्रत्याशी रामकुमार चौबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बब्लू सिंह को 13 मतों से हराया है।

- औरंगाबाद के पड़रावां पंचायत से मुखिया प्रत्याशी अनिल पासवान हुए विजयी। अनिल पासवान को 1395 मत मिला। जबकि वर्तमान मुखिया गुलशन कुमार को 1142 मत मिले। अनिल 253 मतों से विजयी हुए।

- औरंगाबाद से दूसरा परिणाम खैराबिंद पंचायत का आया है। यहां वर्तमान मुखिया सुजीत कुमार सिंह ने अपने निकटतक प्रतिद्वंदी संतोष कुमार को 221 मतों से हराया।

- औरंगाबाद जिला परिषद प्रत्‍याशी नसरीन निशा क्रस संख्‍या (12) औरंगाबाद पश्चिमी सीट से विजयी हुईं।

- नवादा गोविंदपुर प्रखंड के बकसोती पंचायत से सुनीता देवी मुखिया पद पर निर्वाचित हुईं।

- नवादा  जिला के गोविंदपुर प्रखंड के 14 वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित कर दिया गया है। वार्ड 1 में बलबीर यादव, 2 में रधिया देवी, 3 में मोबिना खातून, 4 में रफीदा खातून, 5 में ललिता देवी, 6 में सुनीता देवी, 7 में सुरजी देवी, 8 में खुशनुमा प्रवीण, 9 में बिंदा यादव, 10 में जितेंद्र कुमार, 11 में अरविंद कुमार, 12 में कौशल्या देवी, 13 में शशिभूषण प्रसाद और 14 में अनोज कुमार विजयी घोषित किए गए हैं।

मतगणना केंद्रों पर गहमागहमी

गया सहित नवादा, सासाराम, औरंगाबाद और कैमूर में मतगणना केंद्र पर सुबह से ही मतगणना अभिकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। दंडाधिकारियों को भी सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। कॉलेज के प्रवेश द्वार से ही कतार लगाकर सभी मतगणना अभिकर्ताओं को हॉल के अंदर प्रवेश दिया गया है। नियमानुसार सुबह के 8 बजे से मतगणना शुरू हो रही है। ईवीएम और मतपेटिकाओं से बारी बारी से वोटों की गिनती की जाएगी। पंच और सरपंच का चुनाव मतपत्र के जरिए हुआ है। इसके नतीजे आने में थोड़ा समय लगेगा। मतगणना को लेकर हर तरह की व्यवस्था की गई है। मतगणना हॉल के अंदर और बाहर सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। लोगों को संबोधित करने के लिए माइक सिस्टम  दुरुस्त रखा गया है।

मानविकी भवन में बेलागंज व खिजरसराय की हो रही मतगणना

बेलागंज के लिए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना गया कालेज के मानविकी भवन, भूतल पर (ग्राउंड फ्लोर) पर बनाया गया है। खिजरसराय के लिए मतगणना गया कालेज के मानविकी भवन में प्रथम तल पर बनाया गया है।

नवादा में गोविंदपुर प्रखंड के 923 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

नौ पंचायतों वाली गोविंदपुर प्रखंड में विभिन्न पदों के लिए कुल 923 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा अब खुल चुका है।  केएलएस कॉलेज में मतगणना हो रही है। बता दें कि मुखिया पद के लिए 77, वार्ड सदस्य के 517, पंचायत समिति के 72, सरपंच के 50, पंच के 197 और जिला परिषद के 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत को आजमा रहे हैं। सरपंच और पंच को छोड़ शेष सभी पदों के लिए ईवीएम से मतदान कराया गया था। ऐसे में संभावना है कि दो दिनों तक चलने वाली गिनती के दौरान पहले ही दिन यानि कि रविवार को ईवीएम में डाले गए मतों की गिनती का कार्य पूरा हो जाएगा और रिजल्ट सामने आ जाएगा। गोविंदपुर प्रखंड के गोविंदपुर, विशनपुर, माधोपुर, सुघड़ी, भवनपुर, बकसोती, बुधवारा, बनियाबीघा और सरकंडा पंचायत के चुनाव परिणाम सामने आने हैं।

औरंगाबाद में 97 पंच सदस्‍य निर्विरोध निर्वाचित

औरंगाबाद सदर प्रखंड से कुल 1525 प्रत्‍याशियों के भाग्‍य का फैसला होना है। मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्‍याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी है। सदर प्रखंड के 97 पंच सदस्‍य निर्विरोध निर्वाचित किए गए हैं। जिनमें 46 पुरुष और 51 महिला सदस्‍य शामिल हैं। वहीं दो वार्ड सदस्‍य भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत का मतगणना शुरू हुई थी। लेकिन पांच मिनट के बाद पुनः अपरिहार्य कारणों से बंद हो गई।

सासाराम में प्रत्‍याशियों की धड़कनें तेज

सासाराम जिले के दावथ व संझौली प्रखंड के पंचायत प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुल चुका है। किसकी किस्मत चमकेगी और किसे निराशा हाथ लगेगी, यह तो मतगणना समाप्त होने के बाद ही पता चल पाएगा। बहरहाल, चुनाव परिणामों को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

दावथ प्रखंड में जिला परिषद पद के लिए 11 ,बीडीसी के लिए 78 , मुखिया पद के लिए 63, सरपंच पद के लिए 45, वार्ड सदस्य पद के लिए 487 व पंच पद के लिए 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं । वहीं संझौली प्रखंड में जिला परिषद पद के लिए 13, बीडीसी पद के लिए 47, मुखिया पद के लिए 44, सरपंच पद के लिए 29, वार्ड सदस्य पद के लिए 371 व पंच पद के लिए 109 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।

भभुआ के कुदरा प्रखंड के कृषि बाजार समिति में मतगणना शुरू

कुदरा प्रखंड में पंचायत चुनाव के  पहले चरण की मतगणना स्थानीय कृषि बाजार समिति प्रांगण में शुरू हो गई।   हर पदों की मतगणना के लिए अलग-अलग हाल में व्यवस्था की गई है। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे से गुजरकर मतगणना केंद्र तक लोग पहुंचे। परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

ज्ञात हो कि जिला पर्षद  सदस्य, मुखिया, बीडीसी व वार्ड सदस्य का भाग्य ईवीएम में बंद है। वही सरपंच व पंच पद के उम्मीदवारों का भाग्य मत पेटियों में। कृषि बाजार समिति परिसर में अभ्यर्थियों व उनके समर्थकों के बैठने के लिए अलग टेंट लगाया गया है। वही स्थाई चिकित्सा कक्ष भी बनाया गया है। मतगणना को लेकर मोहनियां रामगढ़ पथ पर पूरे दिन वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। रामगढ़ की तरफ से आने वाले वाहन दुर्गावती मुख्य नहर के रास्ते एनएच 30 पर पहुंचेंगे। वहीं मोहनियां से रामगढ़ की तरफ से जाने वाले वाहन डड़वां के दुर्गा मंदिर के बगल से टेकारी पथ होते हुए एनएच 30 पर पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें:  LIVE बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्‍ट: मतगणना शुरू, थोड़ी देर में आने लगेंगे रिजल्‍ट; सजने लगीं फूलों की दुकानें

chat bot
आपका साथी