Nawada, Govindpur Panchayat Chunav: पहले चरण का मतदान आज, गोविंदपुर में थोड़ी बाधा के बाद शुरू हुआ मतदान

पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में नक्सल प्रभावित गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में मतदान कराया जा रहा है। कुल 129 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। विभिन्न पदों के लिए 923 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 73 हजार 705 मतदाता करेंगे।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 03:47 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 09:35 AM (IST)
Nawada, Govindpur Panchayat Chunav: पहले चरण का मतदान आज, गोविंदपुर में थोड़ी बाधा के बाद शुरू हुआ मतदान
वोट देने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं। जागरण फोटो।

संवाद सहयोगी, नवादा। पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में नक्सल प्रभावित गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में मतदान कराया जाएगा। कुल 129 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। विभिन्न पदों के लिए 923 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 73 हजार 705 मतदाता करेंगे। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने और विधि व्यवस्था संधारित करने को लेकर संयुक्त आदेश जारी कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी यश पाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक डीएस सावलाराम ने संयुक्त आदेश जारी किया है। सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 18 सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पंचायत स्तर पर सेक्टर बनाया गया है। साथ ही सुपर जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पुलिस पदाधिकारी, क्विक रिस्पॉन्स टीम आदि की प्रतिनियुक्ति की गई है। ईवीएम कलस्टर सेंटर पर 8 दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की  प्रतिनियुक्ति की गई है। विधि व्यस्था के संपूर्ण प्रभार में उपविकास आयुक्त वैभव चौधरी को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने गोविंदपुर प्रखंड के वोटरों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि निर्भीक होकर सशक्त लोकतंत्र के निर्माण साझीदार बनें। अधिक से अधिक मतों का प्रयोग करें।

नवादा जिला के गोविंदपुर के बूथ नंबर- एक पर अंगूठा नही लगने से सुबह मतदान शुरू होते ही बंद करना पड़ा। फिर 08:20 के करीब वापस मतदान शुरू कराया जा सका।

तीन स्थानों पर काम करेगा नियंत्रण कक्ष

शांतिपूर्ण मतदान को लेकर तीन स्थानों पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ. कारी प्रसाद महतो नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे। वहीं, आइसीडीएस डीपीओ रीता सिन्हा को जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जो सभी बूथों से संपर्क बनाए रखेंगे।

सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम

सभी बूथों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रखंड की नौ पंचायतों को दो जोन में बांटा गया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती और रजौली अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य कुमार पीयूष जोन के प्रभार में रहेंगे। इनके अलावा सुपर जोनल पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता उज्जवल कुमार सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया है।

तीन स्थानों पर बनाए गए चेकपोस्ट, सीमा सील

प्रखंड के तीन स्थानों पर वाहन चेकपोस्ट बनाया गया है। प्रखंड के दर्शन, खैरा खुर्द और लखपत बिगहा में चेकपोस्ट बनाया गया है। जहां दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सीमाओं को पूरी तरह सील किया गया है। विभिन्न स्थानों पर बैरियर का निर्माण कराया गया है। जहां से आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

कोविड गाइडलाइन का होगा पालन

कोरोना संक्रमण को को देखते हुए कोविड गाइड लाइन को पालन किया जाएगा। मास्क का उपयोग, सैनिटाइजर, शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। मतदान केन्द्र के प्रवेश एवं निकास द्वार पर साबुन एवं पानी की व्यवस्था की जाएगी।

सभी बूथों पर रहेगी टीकाकरण की व्यवस्था

गोविंदपुर प्रखंड के सभी 129 बूथों पर कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन डॉ. निर्मला कुमारी ने सभी बूथों पर टीकाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदान के साथ ही टीकाकरण से वंचित लोग टीका जरुर लगवाएं। इससे कोविड के संक्रमण से मुक्ति मिलेगी। आमजनों के हित में बूथों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।

परेशानी हो तो इन नंबरों पर करें संपर्क डीएम - 9473191256 एसपी - 9431822975 सदर एसडीएम - 9473191258 रजौली एसडीएम - 9473191259 जिला नियंत्रण कक्ष - 06324-212142 अनुमंडलीय नियंत्रण कक्ष - 06336-233616 प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष - 9709841724 गोविंदपुर थानाध्यक्ष - 725047452

यह भी पढ़ें:  LIVE Bihar Panchayat Chunav: मुंगेर के तारापुर में बार-बार धोखा दे रहा EVM, कई जगह वोटिंग में हुआ विलंब

chat bot
आपका साथी