Bihar Panchayat Chunav 2021: गोविंदपुर में आज थम जाएगा प्रचार, 24 सितंबर को होगा मतदान

गोविंदपुर में प्रथम चरण के तहत मतदान होना है। 24 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। लिहाजा बुधवार की शाम चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रखंड के कुल 129 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 05:29 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 05:29 PM (IST)
Bihar Panchayat Chunav 2021: गोविंदपुर में आज थम जाएगा प्रचार, 24 सितंबर को होगा मतदान
प्रथम चरण के चुनाव को लेकर आज से थम जाएगा प्रचार। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

संवाद सूत्र, गोविंदपुर (नवादा)। प्रखंड क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत मतदान होना है। 24 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। लिहाजा बुधवार की शाम चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रखंड के कुल 129 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। 73 हजार 705 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में पारदर्शी तरीके से मतदान कराने की तैयारी की गई है। सभी बूथों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। चुनावी समर में 923 प्रत्याशी अपना किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं 46 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

इधर, प्रत्याशियों ने अपनी जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दिन-रात एक कर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सुबह से ही प्रत्याशी वोटरों का दरवाजा खटखटा रहे हैं और अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं। मतदान की तिथि नजदीक आते ही प्रत्याशी व उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटे हुए हैं। ताकि जीत में कोई कोर-कसर नहीं रह जाए। हरेक प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। विपक्षी प्रत्याशी को हराने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। धूप की कड़ी तपिश के बीच वोटरों से जीत का आशीर्वाद मांगा जा रहा है। निवर्तमान जनप्रतिनिधि अपने पांच साल का लेखा-जोखा पेश कर दोबारा मौका मांग रहे हैं तो विपक्षी उनकी कमियों को उजागर कर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं।

इधर, वोटर भी खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। दरवाजे पर आने वाले हर प्रत्याशी का स्वागत किया जा रहा है। मतदान को लेकर वोटरों में उत्साह बना हुआ है। गांव-पंचायत की सरकार बनाने के लिए हर उम्र वर्ग के वोटर लालायित हैं। गौरतलब है कि प्रखंड क्षेत्र के नौ पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। मुखिया, ग्राम पंचायत सदस्य, पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। जबकि सरपंच और पंच पदों के लिए मतपत्र के सहारे वोटिंग होगी।

किस पद के लिए कितने प्रत्याशी

पद - प्रत्याशियों की संख्या

मुखिया - 77

वार्ड सदस्य - 517

पंचायत समिति - 72

सरपंच - 50

पंच - 197

जिला परिषद - 10

वोटरों की संख्या

पुरुष - 37823

महिला - 35878

ट्रांसजेंडर - 4

कुल - 73 हजार 705

chat bot
आपका साथी