Aurangabad Panchayat Chunav: मुखिया प्रत्याशी के पति ने बूथ लूटने का किया प्रयास, औरंगाबाद के नौगढ़ पंचायत में गोली बारी

औरंगाबाद सदर प्रखंड के नौगढ़ पंचायत के बिसौनी बूथ पर मुखिया प्रत्‍याशी के पति ने बूथ लूटने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीणों ने गोलीबारी की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए हवाई फायरिंग की। वार्ड सदस्य प्रत्याशी समेत पांच को हिरासत में लिया गया।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 12:10 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 12:56 PM (IST)
Aurangabad Panchayat Chunav: मुखिया प्रत्याशी के पति ने बूथ लूटने का किया प्रयास, औरंगाबाद के नौगढ़ पंचायत में गोली बारी
बूथ लूटने और फायरिंग की घटना पर पोजीशन लेते सुरक्षा बल। जागरण फोटो।

औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में (In the first phase of Bihar Panchayat Chunav) शुक्रवार को सदर प्रखंड के नौगढ़ पंचायत के बिसौनी बूथ पर मतदान शुरू होने के तीन घंटे बाद ही हो हंगामा हो गया। बूथ संख्या 144 व 145 पर मुखिया प्रत्याशी संध्या देवी के पति पंकज यादव ने केंद्र पर पहुंच कर बूथ लूटने का प्रयास किया। जब पुलिस ने इसका विरोध किया, तो दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की। इस दौरान पुलिस पर अपने समर्थकों के सहयोग से पथराव करना शुरू कर दिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने भी भीड़ व आक्रोशित ग्रामीणों को तितर-बितर करने के लिए तीन चार राउंड हवाई फायरिंग की।

हालांकि एक तरफ हो हंगामा होता रहा, दूसरी तरफ मतदान कार्य भी चलता रहा। औरंगाबाद सदर प्रखंड में सुबह के 11 बजे तक 21 फीसदी मतदान हुआ। इधर घटना की सूचना मिलते ही डीएम सौरभ जोरवाल, एसपी कांतेश कुमार मिश्रा, डीडीसी अंशुल कुमार, एसडीओ विजयंत कुमार, एसडीपीओ गौतम शरण ओमी समेत भारी संख्या में पुलिस के जवान मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। इधर डीएम व एसपी के नेतृत्व में पूरे गांव का घूम-घूमकर जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने वार्ड नंबर 12 से वार्ड सदस्य प्रत्याशी इफ्तेखार खां समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

घटना की पुष्टि करते हुए डीएम सौरभ जोरवाल ने बताया कि बिसौनी बूथ मुखिया प्रत्याशी संध्या देवी के पति पंकज यादव के द्वारा बूथ लूटने का प्रयास किया गया था। ग्रामीणों के द्वारा पत्थराव व फायरिंग भी की गई है। पुलिस ने भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दो तीन राउंड फायरिंग की गई है। फिलहाल बूथ पर मतदान शांति पूर्वक जारी है।

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के नाम 

पहरमा गांव निवासी अरुण पासवान, बिसौनी गांव निवासी मोहम्मद मुनाजिर, सुनील शमाॅ, सूरज कुमार और मोहम्मद साहिल शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी