औरंगाबाद में धान कटनी के समय अचानक उत्तर कोयल नहर में आ गया पानी, किसानों का भड़का आक्रोश

औरंगाबाद के उत्‍तरी कोयल नहर में अचानक पानी आ जाने से किसान आक्रोशित हैं। काटकर रखी गई धान की फसल भीग गई है। इसके साथ ही कटनी भी रुक गई है। विभाग का कहना है कि किसी ने जान बूझकर गेट उठा दिया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 09:06 AM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 09:06 AM (IST)
औरंगाबाद में धान कटनी के समय अचानक उत्तर कोयल नहर में आ गया पानी, किसानों का भड़का आक्रोश
उत्‍तरी कोयल नहर में आया पानी। जागरण

जेएनएन, औरंगाबाद। धान कटनी के ऐन वक्त पर उत्तर कोयल मुख्य नहर में अचानक पानी आने से किसान भड़क उठे हैं। गुरुवार की सुबह महुअरी व बरियावां लघु नहर में पानी बहते देखकर किसान हैरान हैं। वे जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। पानी आने से धनकटनी का काम भी बाधित हो गया है। अब रबी की बोआई पर भी असर पड़ने की संभावना है।

जब जरूरत थी तब सूखी थी नहरें, अब आया पानी तो भीग रही फसल

बताया जाता है कि ओरडीह गांव के लोग खेतों में काम करने के लिए गुरुवार सुबह निकले तो नहरों में पानी देखा। उधर पांडेयपुर व रामछोल आदि  गांव के किसान धान काटकर खेतो में रखे हुए थे, उनकी फसल भीग गई है।  किसानों का कहना है कि धान रोपाई के उपयुक्त समय पर नहर में पानी नहीं था। तब किसान सिंचाई के लिए परेशान थे। अब जब कटाई हो रही है तो नहर में पानी छोड़ दिया गया है। इधर सुही गांव के किसान कौशल कुमार, दुधमी के लव कुमार सिंह व महेश राम समेत किसान संघर्ष समिति के प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि अंबा डिविजन के अधिकारी जरा सा भी संवेदनशील नहीं है।31अक्टूबर को भीम बराज मोहम्दगंज के राइट कैनाल  का गेट डाउन कर झारखंड को हैंड ओवर कर दिया गया था। इसके बावजूद नहर संचालित होना गैर जिम्मेदाराना हरकत है।

किसी ने जानबूझकर की है हरकत

इस संबध में बराज के एसडीईओ नरसिंह प्रसाद ने बताया कि हैंड ओवर किए जाने के बाद नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है। इसकी जानकारी जब अंबा डिविजन के एग्जकुटिव इंजीनियर राजेन्द्र राम से ली गई तो उन्होंने बताया कि मेन कैनाल स्थित 168 आरडी का गेट किसी ने डाउन कर दिया है। इसी वजह से नवीनगर तरफ से मुख्य नहर में पानी आकर महुअरी नहर में बहने लगा है। सूचना मिलते के साथ हीं उक्त गेट को उठवाकर पानी बहा देने के लिए जेई को निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र हीं पानी बहाने का प्रयास जारी है। विदित हो कि महुअरी नहर निचले इलाके में है। इधर मेन कैनाल में आसपास गांव के लोग रात में गेट उठा दे रहे हैं इससे संबधित क्षेत्र के किसानों को बेवजह परेशानी बढ़ जा रही है।

chat bot
आपका साथी