अच्छी बारिश को तरसा आषाढ़, गया में अब तक 20.52 फीसद ही हुई धान की रोपनी

गया में जून में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई। तब उस समय बिचड़ा लगाने का समय था। आज जब धान की रोपनी का समय चल रहा है। सभी प्रखंडों में अच्छी बारिश की दरकार है तो हल्की -फूल्की बारिश ही हो रही है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 09:35 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 04:04 PM (IST)
अच्छी बारिश को तरसा आषाढ़, गया में अब तक 20.52 फीसद ही हुई धान की रोपनी
निराश किसान बारिश की राह तक रहे , सांकेतिक तस्‍वीर।

गया, जागरण संवाददाता। मौसम भी अपना अजीब खेल दिखाता है। जब बारिश की बहुत दरकार नहीं होती तो बहुत अच्छी बारिश हो जाती है। और जब अच्छी बारिश की दरकार रहे तो निराश कर जाती है। गया जिले में इस साल का मानसून कमोबेश यही स्थिति फिलहाल लिए हुए है। जून में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई। तब उस समय बिचड़ा लगाने का समय था। आज जब धान की रोपनी का समय चल रहा है। सभी प्रखंडों में अच्छी बारिश की दरकार है। तो हल्की -फूल्की बारिश ही हो रही है। जेठ की अपेक्षा अभी का आषाढ़ अभी बारिश को एक तरह से तरस रहा है। कुछ प्रखंडों को छोड़ दें तो ज्यादातर प्रखंडों में मनमाफिक बारिश नहीं हो रही है। बेलागंज, डुमरिया, कोंच जैसे प्रखंड क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से किसान परेशान हैं। मोटरपंप चलाकर पटवन करना पड़ रहा है। जिले में इस साल 1.51 लाख हेक्टेयर में धान की खेती करने का लक्ष्य है। लेकिन समय पर अच्छी बारिश नहीं होने से रोपनी धीमी गति से चल रही है। जिले भर में अब तक 30 हजार 981 हेक्टेयर में ही धान की रोपनी हुई है। जो कुल लक्ष्य का महज 20.52 फीसद ही है। जिले भर में अब तक टिकारी प्रखंड क्षेत्र में ही कुछ अच्छी रोपनी होने की सूचना है। रिपोर्ट के अनुसार यहां 53.2 फीसद रोपनी हुई है।  

जुलाई में अब तक महज 108.4 एमएम ही हुई वर्षा

जिले में जुलाई का सामान्य वर्षापात 298.1 एमएम है। यानि इतनी बारिश होनी चाहिए। जबकि बेरूखी दिखा रहा मानसून इस माह जिले में अब तक महज 108.4 एमएम ही बारिश हुई है। जून और जुलाई माह मिलाकर जिले का सामान्य वर्षापात 349.37 एमएम है। इसके जवाब में वास्तविक वर्षापात महज 313.7 एमएम ही हुआ है। अंतर -35.7 एमएम रहा है। विचलन -10.21 एमएम रहा है।

प्रखंड जहां कुछ संतोषजक हुई है रोपनी

प्रखंड-रोपनी का प्रतिशत

टिकारी-53.2 फीसद

कोंच- 38.7 फीसद

गुरुआ- 34.6 फीसद

खिजसराय-26.4 फीसद

परैया-20.0 फीसद

प्रखंड जहां पीछे चल रही है रोपनी

प्रखंड-रोपनी का प्रतिशत

नगर प्रखंड-11.9 फीसद

मानपुर-11.9 फीसद

मोहनपुर- 12.8 फीसद

वजीरगंज-12.1 फीसद

बांकेबाजार-13.5 फीसद

क्या कहते हैं अधिकारी:

गया जिला कृषि अधिकारी सुदामा महतो ने कहा कि जुलाई माह में बारिश अपेक्षा अनुरूप कम हुई है। इसके चलते रोपनी में थोड़ी तेजी नहीं आ सकी। अभी आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। अगस्त के पहला सप्ताह तक धान की रोपनी शत प्रतिशत होने की संभावना है।

सुदामा महतो, डीएओ, गया।

chat bot
आपका साथी