Rohtas: सीढ़ी लगाकर घर में घुसे हथियारबंद डकैत, समेट ले गए आठ लाख के गहने और कपड़े

रोहतास के चेनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात आठ की संख्‍या में अपराधियों ने घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया। हथियारबंद अपराधियों ने करीब आठ लाख की संपत्ति लूट ली। बताया जाता है कि डकैत सीढ़ी के सहारे घर में घुसे थे।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 07:32 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 07:32 PM (IST)
Rohtas: सीढ़ी लगाकर घर में घुसे हथियारबंद डकैत, समेट ले गए आठ लाख के गहने और कपड़े
रोहतास के चेनारी में आठ लाख की डकैती। प्रतीकात्‍मक फोटो

चेनारी (रोहतास), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद डकैतों ने एक घर से लगभग आठ लाख की संपत्ति लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद डकैत हथियार लहराते आराम से चलते बने।डकैतों के जाने के बाद गांव के लोगों को घटना का पता चला। इसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। छानबीन में गांव के बधार से पु‍लिस ने टूटा बक्‍सा बरामद किया है। 

सीढ़ी के सहारे घर में घुसे डकैत 

पुलिस के अनुसार निरंजन कुमार ने बताया कि एक कमरे में राजमणि सिंह और दूसरे कमरे में हम सोए थे। रात लगभग एक बजे मकान के पीछे सीढ़ी लगाकर आठ डकैतों ने घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरे खुलवाए। महिलाओं की कनपटी में पिस्टल सटा दिया। एक माह पूर्व हुई शादी के बाद घर लौटी बहन, माता के अलावा अन्य महिलाओं के घर में रखे सारे गहने, नगदी, पीतल के बर्तन समेत सारे सामान लूट ले गए। सभी लुटेरे काफी कम उम्र के थे। सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। वे हाथ में पिस्टल लिए हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए भाग निकले। पुलिस ने गांव के दक्षिण बधार में खाली बक्सा बरामद किया। स्वजनों ने बताया कि इस घटना में लगभग आठ लाख के गहने व अन्‍य संपत्ति डकैत ले गए। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना के तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। 

अवैध बालू लदे दो ट्रैक्‍टर जब्‍त, एक गिरफ्तार

लाॅकडाउन में अवैध रूप से बालू लेकर जा रहे दो ट्रैक्टर को राजपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को तुर्कवलिया व दारेखाप गांव के बीच छापेमारी कर जब्त कर लिया। जबकि ट्रैक्टर छोड़कर भाग रहे दो चालकों में से एक धर दबोचा। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि अवैध बालू लेकर कुछ ट्रैक्टर दारेखाप गांव की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुर्कवलिया व दारेखाप रोड पहुंच दोनों ट्रैक्टर व एक चालक को घेर लिया। इस बीच एक चालक भाग निकला, जबकि एक पकड़ा गया। भागे हुए चालक की शिनाख्त की जा रही है। दोनों ट्रैक्टर पर ओवरलोड बालू लदा हुआ था। मामले में कार्रवाई के लिए खनन विभाग को लिखा गया है।

chat bot
आपका साथी