दशहरा के बाद अब धनतेरस व दीपावली के तैयारी में जुटे कैमूर के व्यवसायी, बंपर बिक्री की उम्मीद
कोरोना संकट और लंबे लॉकडाउन ने सभी प्रकार के उद्योग और व्यापार का दम निकाल दिया था। लेकिन त्योहारी सीजन बाजार को संजीवनी मिली है। जिले भर के कारोबारियों का कहना है कि लॉकडाउन में ढील के बाद से मांग में लगातार तेजी से सुधार हो रहा है।
भभुआ, संवाद सहयोगी। नवरात्र के समाप्त होने के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जा चुका है। नम आंखों से मां की विदाई की गई। कैमूर के व्यवसायी वर्ग अब दुर्गा पूजा के बीतने के बाद अब अगला टारगेट धनतेरस को रखते हुए तैयारी करना शुरू कर दिए हैं। दरअसल कोरोना के कारण पिछले साल धनतेरस पर कुछ खास व्यवसाय नहीं रहा। व्यवसायी वर्ग को इस बार उम्मीद है कि इस बार बाजार को वो रफ्तार मिल सकती है।
लॉकडाउन में ढ़ील के बाद बाजार को मिली संजीवनी
कोरोना संकट और लंबे लॉकडाउन ने सभी प्रकार के उद्योग और व्यापार का दम निकाल दिया था। लेकिन त्योहारी सीजन ने एक बार फिर से संजीवनी देने का काम किया है। जिले भर के कारोबारियों का कहना है कि लॉकडाउन में ढील के बाद से मांग में लगातार तेजी से सुधार हो रहा है। नवरात्र से मांग तेजी से बढ़ी है। इसके बाद आने वाले धनतेरस और दीपावली से बड़ी उम्मीद है। बाजार में जिस तरह का माहौल है उसको देखते हुए गाड़ी, घर, टीवी, फ्रीज, आभूषण, बर्तन, इलेट्रॉनिक उपकरण, सोफा, आलमारी, कपड़ा और दूसरे जरूरी सामानों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। वहीं ग्राहकों को आकर्षित करने एवं बिक्री बढ़ाने के लिए दुकानदार भी आकर्षक ऑफर्स दे रहे हैं। इसके अलावा मॉल, शो रूम के संचालक आदि भी खास तैयारी में जुटे हुए है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार भी वस्तुओं पर छूट का ऑफर देने का विज्ञापन लगाने लगे हैं। व्यवसायी वर्ग को उम्मीद है कि धनतेरस, दीपावली, छठ में बंपर बिक्री होगी।
ज्वेलरी से लेकर शो रूम तक में तैयारी
दो नवंबर को धनतेरस होगा, जबकि चार को दीपावली मनाई जाएगी। इसको लेकर ज्वेलर्स शोरुम पर तैयारी शुरू कर दी गई है। नवरात्र में खरीदारों की भीड़ थोड़ी सर्राफा बाजार में रही। धनतेरस पर इलेक्ट्रीक बाइक, बाइक, कार, ट्रैक्टर, मोबाइल, बर्तन आदि की दुकानों पर भी खरीदारी की उम्मीद है।