Aurangabad: तलाक के बाद शादी का झांसा देकर करता रहा यौन शोषण, महिला ने कराई प्राथमिकी
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र की एक तलाकशुदा महिला ने पूर्व वार्ड पार्षद के पुत्र पर यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि वह शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दाउदनगर (औरंगाबाद), संवाद सहयोगी। पूर्व वार्ड पार्षद के बेटे पर शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म का आरोप एक विवाहिता ने लगाया है। इसको लेकर वार्ड संख्या दो के निवासी पूर्व वार्ड पार्षद (Former Ward Councilor) राम अवतार चौधरी के बेटे उत्कल कुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में पूर्व वार्ड पार्षद, उनकी पत्नी समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया गया है।
तलाक के बाद सहानुभूति जता बनाता रहा संबंध
प्राथमिकी में विवाहिता ने कहा है कि उसकी शादी बालूगंज निवासी एक व्यक्ति से दस वर्ष पहले हुई थी। लेकिन पारिवारिक जीवन ठीक नहीं था। इस दौरान उत्कल का उसके घर में आना-जाना रहता था। इसी बीच पिछले वर्ष (2020) में उसका अपने अपने पति से तलाक (Divorce) हो गया। तलाक के बाद उत्कल उसके दुख में हिस्सेदार बन कर सांत्वना देने लगा। इस दौरान उसने कहा कि वह उससे शादी करेगा। उसकी बातों वह आ गई। इसके बाद उत्कल उससे संबंध स्थापित करने लगा। लेकिन शादी की बात को वह टालता रहा। विरोध करने पर माता-पिता की सहमति लेने की बात बोलकर शादी के लिए दिन निर्धारित करने के लिए कहा।
अपने घर में छोड़कर भाग गया आरोपित
प्राथमिकी के अनुसार इसके बाद उत्कल उसे पटना ले गया वहां किराये के कमरे में उसे रखा था। इस दौरान उसके साथ उसने दुष्कर्म किया। शादी के लिए काफी दबाव बनाने पर वह चर अप्रैल को अपने घर बालूगंज लेकर आया। अपने घर में रखकर वह भाग गया। महिला ने आरोप लगाया है कि घर में रखने के बाद उत्कल के पिता पिता रामअवतार चौधरी ने गाली-गलौज की। राम अवतार चौधरी के अलावा उनकी पत्नी फूलवंती देवी, बालूगंज निवासी कमल किशोर उर्फ छोटू, संदीप चौधरी, सुदामा चौधरी, सोम चौधरी, कृष्णा चौधरी एवं शिव कुमार चौधरी ने भी गालीगलौज और बदसलूकी की। उसे घर से भी निकाल दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।