लंबे इंतजार के बाद 25 भूमिहीन लाभुकों को भभुआ में आवास बनाने को मिली भूमि

पीएम आवास याेजना के तहत वर्ष 2016-17 से 2019-20 में चयनित 126 लोग अब तक अपना घर नहीं बना सके थे। ग्रामीण विकास विभाग की पहल के चलते जिले के 25 लाभुकों को आवास बनाने की भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 09:13 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 09:28 AM (IST)
लंबे इंतजार के बाद 25 भूमिहीन लाभुकों को भभुआ में आवास बनाने को मिली भूमि
25 लाभुकों को भूमि उपलब्ध कराई गई, सांकेतिक तस्‍वीर।

भभुआ (कैमूर), जागरण संवाददाता। जिले में वित्तीय वर्ष 2016-17, 19-20 के अंतर्गत पीएम आवास योजना के लिए लाभुकों का चयन किया गया था। चयनित 126 लाभुकों को आवास बनाने के लिए भूमि नहीं होने के कारण आवास बनने का सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। ग्रामीण विकास विभाग की पहल के चलते जिले के 25 लाभुकों को आवास बनाने की भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

इस संबंध में एमआईएस पदाधिकारी सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि कैमूर जिले में सभी प्रखंड क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न कोटि के चयनित पीएम आवास योजना के कुल 126 भूमिहीन  चिह्नित किए गए थे। जिन्हें भूमि के अभाव में आवास की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद चौधरी द्वारा इस संबंध में लगातार पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की जा रही है। समीक्षा में राजस्व विभाग के प्रधान सचिव भी शामिल रह रहे हैं एवं जिला स्तर पर समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता के अलावा प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों में बीडीओ, अंचलाधिकारी भी शामिल हो रहे हैं।

समीक्षा बैठक के बाद भूमिहीन लाभुकों को भूमि उपलब्ध कराने के कार्य में तेजी लाई गई है। जिसका परिणाम यह हुआ कि कैमूर जिले में उप विकास आयुक्त के निर्देश के आलोक में विभिन्न अंचलाधिकारियों द्वारा पीएम आवास योजना के अंतर्गत आवास बनाने के लिए 25 लाभुकों को भूमि उपलब्ध करा दी गई है। भूमि उपलब्ध होते ही उन्हें आवास बनाने की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। एमआईएस पदाधिकारी ने कहा कि 78 अन्य लोगों को भी भूमि देने के लिए राजस्व विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्हें भी भूमि उपलब्ध होते ही आवास बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी। इस मामले में उप विकास आयुक्त कुमार गौरव ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों को भूमि उपलब्ध कराए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभुक जिनके पास आवास बनाने के लिए भूमि नहीं उपलब्ध है वैसे लाभुकों को मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय योजना के तहत भूमि क्रय करने के लिए राशि उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।

जिले में प्रखंडवार भूमिहीन पीएम आवास के लाभुकों की संख्या

अधौरा-07

भभुआ- 26

भगवानपुर- 12

चैनपुर-05

चांद- 16

दुर्गावती- 11

कुदरा-09

मोहनियां- 08

 नुआंव-10

रामगढ़-15

रामपुर- 07

chat bot
आपका साथी