रामपुर में मच्छर भगाने वाले क्‍वायल से झोपड़ी में लगी आग, जलने से सास की हो गई मौत, बहू भी झुलसी

करमचट थाना क्षेत्र के बरली गांव में रविवार की रात एक झोपड़ीनुमा घर में आग लग गई। इससे उसमें सोई एक वृद्ध महिला की जहां मौत हो गई वहीं उसकी बहू गंभीर रूप से झुलस गई। मच्छरों को भगाने के लिए झोपड़ीनुमा घर में क्वायल जला गया था।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 02:44 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 02:44 PM (IST)
रामपुर में मच्छर भगाने वाले क्‍वायल से झोपड़ी में लगी आग, जलने से सास की हो गई मौत, बहू भी झुलसी
झोपड़ी जलने के बाद पहुंची पड़ोस की महिलाएं। जागरण।

संवाद सूत्र, रामपुर (कैमूर)। प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के बरली गांव में रविवार की रात एक झोपड़ीनुमा घर में आग लग गई। इससे उसमें सोई एक वृद्ध महिला की जहां मौत हो गई वहीं उसकी बहू गंभीर रूप से झुलस गई। मिली जानकारी के अनुसार मच्छरों को भगाने के लिए झोपड़ीनुमा घर में क्वायल जला गया था। जिससे किसी तरह चिंगारी निकली और पुआल में आग पकड़ ली।

आग लगने के जानकारी तत्काल सास-बहू को नहीं हुई। जब आग की लपटें काफी तेज हुई तो दोनों को जानकारी हुई। आग को देख गांव के लोगों में अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक स्थिति काफी दर्दनाक हो चुकी थी। इस अगलगी की घटना में झोपड़ी में सोई 60 वर्षीय सास जमुनी कुंअर की मौत हो गई। जबकि उसकी बहू शिवमूरत बिंद की पत्नी विंध्याचली देवी झुलस गई। इस घटना में चार क्विंटल चाल, दो क्विंटल् गेहूं, बिछावन, बर्तन सहित काफी सामान जल कर राख हो गया।

घटना में लगभग डेढ़ लाख रुपये के सामान की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर करमचट थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। जबकि झुलसी बहू का इलाज गांव के ही निजी क्लीनिक में कराया गया। उधर घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि बेचन सिंह द्वारा दस हजार रुपये सहयोग दिया गया। बता दें कि शिवमूरत पासवान दिव्यांग है। जिसको झोपड़ीनुमा घर था। जिसमें आग लगने के बाद अब उसके पास खाने-पीने व आवास की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उसकी तत्काल मदद करने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी