औरंगाबाद सदर अस्‍पताल से गायब हो गए 21 चिकित्सक, सिविल सर्जन ने कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

सदर अस्पताल से 21 चिकित्सक गायब हो गए हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल में चिकित्सक नहीं हैं और मरीज तड़प रहे हैं। सिविल सर्जन एवं अस्पताल के उपाधीक्षक बेचैन हैं परंतु़ गायब चिकित्सक वापस नहीं लौट रहे हैं।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 05:11 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 05:11 PM (IST)
औरंगाबाद सदर अस्‍पताल से गायब हो गए 21 चिकित्सक, सिविल सर्जन ने कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
सदर अस्‍पताल से कई डॉक्‍टर बगैर सूचना गायब हैं, सांकेतिक तस्‍वीर।

औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। सदर अस्पताल से 21 चिकित्सक गायब हो गए हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल में चिकित्सक नहीं हैं और मरीज तड़प रहे हैं। सिविल सर्जन एवं अस्पताल के उपाधीक्षक बेचैन हैं परंतु़ गायब चिकित्सक वापस नहीं लौट रहे हैं। उपाधीक्षक डा. विकास कुमार ने चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन को पत्र लिखा है। सिविल सर्जन डा. कुमार वीरेंद्र प्रसाद ने गायब चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए सरकार को पत्र लिखा है। बताया कि चिकित्सकों के गायब रहने से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। छह चिकित्सक अध्ययन पर चले गए हैं। तीन चिकित्सकों ने इस्तीफा दे दिया है एवं 11 चिकित्सक बगैर सूचना के गायब हैं। चिकित्सकों का वेतन बंद है। गायब चिकित्सकों का नाम व पता के साथ मोबाइल नंबर एकत्रित किया जा रहा है।

अस्पताल से बिना सूचना गायब रहने वाले 11 चिकित्सक

सिविल सर्जन डा. कुमार वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि 11 चिकित्सक अस्पताल से गायब हैं। कई चिकित्सकों ने अभी तक कोई सूचना नहीं दी है। डा. प्रकाश सिंह 30 मई 2021 से गायब हैं। डा. सोबिया अकरम 10 सितंबर के बाद से गायब हैं। डा. सुभाष सिंह 31 जुलाई के बाद अस्पताल नहीं आए हैं। आइसीयू में पदस्थापित डा. फरहत रफीक 17 एवं डा. जेबा रफीक 12 अगस्त से अस्पताल नहीं आए हैं। डा. रिशु कुमार 13 जुलाई से गायब हैं। डा. अंशु प्रिया 11 सितंबर से अस्पताल नहीं आ रही हैं। डा. अनामिका मीना के बारे में किसी को सही जानकारी नहीं है, वैसे बताया गया कि चार अगस्त से अभी तक अस्पताल नहीं आई हैं। वैसे कहा जा रहा है कि डा. अनामिका ने इस्तीफा दे दिया है। डा. प्रवीण कुमार एवं डा. आभा कुमारी 16 सितंबर से गायब हैं। डा. आभा कभी अस्पताल आती हैं तो कभी गायब हो जाती हैं। डा. संतोष कुमार सात दिसंबर 2020 से अभी तक अस्पताल नहीं आए हैं। डा. कृष्णचंद्र प्रसाद नौ जनवरी 2021 से अभी तक अस्पताल नहीं आए हैं। अस्पताल न आने का कारण भी नहीं बताया है।

छह चिकित्सक अध्ययन अवकाश पर

सदर अस्पताल में पदस्थापित छह चिकित्सक योगदान देने के बाद से अवकाश पर चले गए हैं। डा. शाहिन जफर, डा. यमुना पांडेय, डा. अबु नुमौन, डा. संजय कुमार, डा. प्रतीक कुमार एवं डा. उदय प्रकाश अध्ययन अवकाश पर गए हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि अध्ययन पर गए चिकित्सकों से संपर्क किया जा रहा है। तीन चिकित्सकों ने इस्तीफा दे दिया है। डा. राजीव रंजन, डा. नेहा कुमारी एवं डा. अजीत कुमार का इस्तीफा विभाग को भेज दिया गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि तीनों चिकित्सकों ने वर्ष 2020 के नवंबर एवं दिसंबर माह में इस्तीफा दिया है।

औरंगाबाद सिविल सर्जन डॉ कुमार वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि चिकित्सकों के गायब रहने एवं इस्तीफा देने का असर स्वास्थ्य विभाग पर पड़ रहा है। सदर अस्पताल में चिकित्सक नहीं है जिस कारण प्रतिदिन हंगामा होता है। जो चिकित्सक योगदान देने के बाद से गायब हैं उनके खिलाफ मैंने सरकार को पत्र लिखा है। अस्पताल न आने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी