रोहतास में पुआल के नीचे छिपाकर रखा 160 किलो गांजा बरामद, कई राज्‍यों से जुड़े हैं धंंधेबाज के तार

रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 160 किलो गांजा बरामद किया है। खलिहान में पुआल के नीचे बोरे में छिपाकर इसे रखा गया था। गांव में पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 03:21 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 03:21 PM (IST)
रोहतास में पुआल के नीचे छिपाकर रखा 160 किलो गांजा बरामद, कई राज्‍यों से जुड़े हैं धंंधेबाज के तार
गम्‍हरिया में गांजा जब्‍त करते पुलिस अधिकारी। जागरण

नोखा (रोहतास), संवाद सूत्र। गम्हरिया गांव में पुलिस ने गुरुवार को छापेमारी कर एक खलिहान में छिपाकर रखा डेढ़ क्विंटल से अधिक गांजा (Ganja) बरामद किया है। गांजे को खलिहान में पुआल के नीचे छिपाकर रखा गया था। पुलिस के पहुंचने से पहले धंधेबाज भाग निकला। उसकी पहचान उसी गांंव के हरवंश पांडेय के पुत्र राकेश पांंडेय के रूप में की गई है। 

10-10 किलो के थे 16 पैकेट  

थानाध्यक्ष कृपाल जी ने बताया कि सूचना मिली थी कि राकेश पांडेय गांजे की बड़ी खेप लाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उसके घर पर छापेमारी की, परंतु तलाशी के दौरान गांजा बरामद नहीं हुआ। लेकिन सूचना पुख्‍ता थी। छानबीन के क्रम में पुलिस टीम उसके खलिहान पहुंची तो वहां सफलता मिल गई। पुआल की ढेर के बीच में गांजा था। चार बोरे में 16 पैकट गांजा वहां से बरामद किया गया। इसके अलावा 12 किलो गांजे का बीज एवं उसकी झुरी अलग से बरामद की गई।  पुलिस उसे जब्त कर थाना ले लाई। यहां वजन करने पर गांजा कुल एक क्विंटल 60 किलो (160 Kg) पाया गया है। 16 पैकेट में प्रति पैकेट दस-दस किलो गांजा था।थानाध्‍यक्ष ने बताया कि पुलिस को बहुत दिनों से सूचना मिल रही थी कि राकेश पांडेय गांजा का अवैध कारोबार कर रहा है। इस बार जैसे ही गांजा की खेप गम्हरिया गांव में पहुंची, उसे खरीदने वाले अवैध कारोबारियों की भीड़ जुट गई। इस कारण पुलिस को सूचना मिलने में भी देर नहीं लगी।

कई राज्‍यों के नशे के सौदागरों से जुड़े हैं तार 

हालांकि छापेमारी के क्रम में राकेश भागने में सफल रहा। राकेश के उड़ीसा, झारखंड, नागालैंड समेत कई राज्यों से गांजा की तस्करी करने वाले गिरोहों से संपर्क होने की बात कही जा रही है। उस पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी कुंडली खंगालने में पुलिस जुट गई है। छापेमारी के दौरान दंडाधिकारी के रूप में मौजूद बीडीओ रामजी पासवान ने गांजा बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि बीज, झुरी समेत कुल मिलाकर एक क्विंटल 72 किलो गांंजे की बरामदगी हुई है। 

chat bot
आपका साथी