बिहार के किसान अन्नदाता के साथ बनेंगे ऊर्जादाता: सुशील मोदी

मोतिहारी। नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को कहा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Dec 2020 12:54 AM (IST) Updated:Fri, 25 Dec 2020 12:54 AM (IST)
बिहार के किसान अन्नदाता के साथ  बनेंगे ऊर्जादाता: सुशील मोदी
बिहार के किसान अन्नदाता के साथ बनेंगे ऊर्जादाता: सुशील मोदी

मोतिहारी। नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को कहा कि पीएम मोदी को पराजित नहीं करने वाला विपक्ष अब किसानों का सहारा लेकर आम लोगों को बरगलाने का काम कर रहा है। कृषि बिल को लेकर पंजाब को छोड़कर देश के किसी हिस्से में आंदोलन नहीं है। आंदोलन का नेतृत्व करने वाले लोग वामपंथी व अरबन नक्सल के समर्थक हैं। बिहार समेत देश के अन्य हिस्से के किसान पीएम नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। कहा कि पीएम मोदी ने किसानों की बेहतरी के लिए किसान कानून बनाया है। यह सभी किसानों को समझने की जरूरत है। बिहार के किसान आने वाले पांच वर्षों में अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता भी बनेंगे। वे नगर भवन के मैदान में किसान सम्मेलन सह मतदाता आभार सभा को संबोधित कर रहे थे।

सुशील मोदी राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पहली बार मोतिहारी आए थे। इस दौरान उनका जगह-जगह भव्य स्वागत भी किया गया। उन्होंने कहा कि हर किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाने का कार्य चल रहा है। इसके बाद सोलर पंप से सिचाई की सुविधा दी जाएगी। किसानों को बिजली बिल केवल 65 पैसे प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। इससे किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही ऊर्जा की बचत कर उसे वे बेच सकते हैं। पीएम मोदी ने किसान बिल के माध्यम से किसानों को बिचौलियों से मुक्त किया है। किसानों को अब अपनी किसी भी उपज का टैक्स नहीं देना होगा। समर्थन मूल्य पर धान व गेहूं की खरीद हो रही है और आगे भी होगी। जब तक पीएम नरेंद्र मोदी हैं, तबतक किसानों का कोई भी नुकसान नहीं होगा। बिहार में अब दलहन की खरीदारी भी समर्थन मूल्य पर की जाएगी। कांट्रेक्ट फार्मिंग पर कहा कि यह किसानों के लिए लाभकारी होगा। कंपनी किसानों की जमीन पर खेती कर उन्हें बेहतर लाभ देगी और किसानों की आय बढ़ेगी। किसानों की जमीन पर कोई भी कब्जा नहीं करेगा। कहा कि हर व्यवसाय ऑनलाइन हो रहा है। क्या किसानों को यह हक नहीं मिलना चाहिए। विरोध करने वाले किसानों का हित नहीं चाहते। कृषि बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि देश का कृषि बजट 22 हजार करोड़ से बढ़कर एक लाख 34 हजार करोड़ हो गया। वहीं बिहार का बजट 241 करोड़ से 2041 करोड़ हो गया। किसान सम्मान निधि से किसानों को लाभ पहुंचाया जा जा रहा है। चंपारण में चार लाख 80 हजार किसानों के खाते में किसान सम्मान की राशि भेजी जा रही है। कहा कि हर जिले में एक माध्यमिक विद्यालय में कृषि की पढ़ाई की जाएगी। शहर में जाम की समस्या नहीं हो इसके लिए फलाइओवर व बाइपास का निर्माण कराया जाएगा। शहर व प्रमुख नदियों पर विद्युत शवदाह गृह का निर्माण होगा। पांच साल के अंदर बिहार के हर गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। दस पंचायतों पर एक पशु चिकित्सालय की स्थापना होगी। कहा कि जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक सीट पर जीत दर्ज की है। जो लोग कहते थे कि 370 के हटाने के बाद खून की नदियां बह जाएगी, पर चुनाव में तिरंगा उठाने वालों के साथ भाजपा का झंडा लेकर आगे बढ़ने वाले सर्वाधिक हो गए। जिस पगकार हाल के महीनों में भाजपा ने विभिन्न चुनावों में जीत दर्ज की है उसी प्रकार बंगाल में भी भाजपा सरकार बनाएगी। बिहार को लेकर कहा कि कहा जा रहा है कि सरकार को गिरा देंगे। लालू यादव को इतनी ताकत नहीं कि वे जदयू व भाजपा के विधायकों को खरीद सके। वे अपने घर की चिता करें कि नेता प्रतिपक्ष वे कितने दिनों तक रहेंगे। उन्होंने राजद को चुनौती देते हुए कहा कि पटना के गांधी मैदान में वे दस हजार किसानों को नहीं एकत्र कर सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता रविभूषण श्रीवास्तव व संचालन लालबाबू प्रसाद ने की। धन्यवाद ज्ञापन रामेश्वर सौरसिया ने किया। मौके पर विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, श्यामबाबू यादव, सुनील मणि तिवारी, विधान पार्षद बबलू गुप्ता, अखिलेश सिंह, जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, रामजी शर्मा समेत अन्य मौजूद थे। चांदी के चम्मच से दूध पीने वाले राजकुमार से नहीं होगा किसानों का भला : राधामोहन

जासं, मोतिहारी : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों के हित में कृषि बिल लाया है। यह हर तरह से किसानों के लिए लाभदायक होगा। किसान को लेकर तीनों राजकुमार राहुल गांधी, तेजस्वी यादव व अखिलेश यादव चर्चा कर रहे हैं। जबकि राजपरिवारों में बच्चा जन्म लेता है तो चांदी की चम्मच से दूध पिलाया जाता है। इनसे किसानों का भला नहीं हो सकता है। किसानों की आय को दोगुनी करने की दिशा में पीएम मोदी हर स्तर पर काम कर रहे हैं। इसका लाभ भी उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के 45 वर्ष के शासन काल में किसान की चिता नही हुई। नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद किसान की चिता की गई। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अब तो कौन बनेगा करोड़पति में भी पीपराकोठी के केविके में स्थित महात्मा गांधी की सबसे बड़ी मूर्ति के संबंध में सवाल पूछे जा रहे हैं। कहा कि कृषि बिल से सबसे अधिक लाभ किसानों को होगा। बिचौलियों से किसानों को आजादी मिलेगी। मोदी ने कहा है कि देश के खजाने पर गरीब व किसान का अधिकार है। जबकि कांग्रेस के शासन में कहा जाता था कि खजाने पर एक समुदाय विशेष का अधिकार है। देश के 80 करोड़ लोगों को 2 रुपये किलो गेहूं व तीन रुपये किलो चावल मिल रहा है। उन्होंने कोरोना काल में मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी