बहलोलपुर में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी, महिला समेत आधा दर्जन जख्मी, 23 गिरफ्तार

मोतिहारी। ढाका थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में शनिवार की रात्रि देवता पूजा के दौरान डीजे

By JagranEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 11:41 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 11:41 PM (IST)
बहलोलपुर में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी, महिला समेत आधा दर्जन जख्मी, 23 गिरफ्तार
बहलोलपुर में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी, महिला समेत आधा दर्जन जख्मी, 23 गिरफ्तार

मोतिहारी। ढाका थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में शनिवार की रात्रि देवता पूजा के दौरान डीजे बजाकर डांस करती जा रही महिलाओं का वीडियो बनाने एवं डीजे मना करने को लेकर दोनों पक्षों में बात बिगड़ गई और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। सूचना मिलते ही ढाका बीडीओ आबिद हुसैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची तो पुलिस प्रशासन पर भी हमला कर दिया। इस घटना में महिला समेत आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। दो पक्षों में तनाव की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा, अभियान एसपी ओमप्रकाश सिंह, एसडीओ ज्ञान प्रकाश, डीएसपी शिवेन्द्र कुमार अनुभवी सहित कई थानों की पुलिस गांव पहुंचकर मामले को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस घटना में महिला मेहरू नेशा, पप्पू शाह, वीरेंद्र पासवान सहित कई लोग जख्मी हो गए। ढाका बीडीओ मोहम्मद आबिद हुसैन ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि बहलोलपुर गांव में लॉकडाउन उल्लंघन करने एवं डीजे बजाने की सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। पहुंचने के बाद पता चला कि गणेश पासवान की बेटी की शादी के लिए महिलाएं डीजे बजा कर डांस करती हुई शनिचरा देवी स्थान जा रही थी। दूसरे पक्षों के लोगों के द्वारा महिलाओं के डांस करते हुए वीडियो बनाया जा रहा था और डीजे बंद करने के लिए कहा गया। इस बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और पत्थरबाजी करने लगे। दर्ज प्राथमिकी में दोनों पक्षों के 50 नामजद एवं 220 अज्ञात लोगों को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। जख्मी का इलाज ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया। पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने घटना के बाद स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और कहा कि लॉकडाउन तोड़ने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस दोनों पक्षों के 23 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि घटना के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा शांति और सौहार्द बनाने की अपील की। एसडीओ ज्ञान प्रकाश ने बताया कि घटना के बाद गांव के प्रबुद्धजनों को शांति स्थापित करने के लिए कहा गया है। पुलिस एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस कैंप कर रही है। मामला नियंत्रण में है।

chat bot
आपका साथी