बारिश से मेहसी पोस्ट आफिस का रास्ता हुआ जलमग्न

दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मेहसी नगर पंचायत के कई वार्ड जलमग्न हो गए हैं। सबसे बुरी स्थिति नगर के वार्ड 03 और 04 की है। यह क्षेत्र मेहसी के सबसे महत्वपूर्ण इलाके में शुमार है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 11:38 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 11:38 PM (IST)
बारिश से मेहसी पोस्ट आफिस का रास्ता हुआ जलमग्न
बारिश से मेहसी पोस्ट आफिस का रास्ता हुआ जलमग्न

मोतिहारी । दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मेहसी नगर पंचायत के कई वार्ड जलमग्न हो गए हैं। सबसे बुरी स्थिति नगर के वार्ड 03 और 04 की है। यह क्षेत्र मेहसी के सबसे महत्वपूर्ण इलाके में शुमार है। इस क्षेत्र में प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल, बैंक, उच्च विद्यालय, पोस्टऑफिस आदि महत्वपूर्ण संस्थान स्थापित है। सबसे अहम बात यह है कि मेहसी पोस्टऑफिस जाने वाले रास्ते मे कमर भर पानी लगा हुआ है। पोस्ट ऑफिस में जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद है। इससे लोगो को कार्य निष्पादन हेतु कार्यालय में जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अहम बात तो यह है कि पोस्ट ऑफिस के चारों तरफ जलजमाव होने के कारण उसके भवन पर भी खतरा मंडरा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि पुराने जमाने के पैटर्न पर बना यह भवन इतना कमजोर हो चुका है कि इसमें काम करने में भी डर लगता है। सारे कर्मी अपनी जान जोखिम में डाल कर अपने कर्तव्य का निर्वहन करने को मजबूर है। अगर शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था इस क्षेत्र से नही हुई तो सरकार को राजस्व की बड़ी क्षति से इनकार नही किया जा सकता। वही इस क्षेत्र से जुड़े मेहसी रेलवे स्टेशन पथ में भी कमर भर पानी भरा हुआ है। रेलवे के पास इस जल निकासी का कोई स्थायी समाधान नही है। इस जलजमाव के कारण लोगो को आने जाने में समस्या का सामना तो करना पड़ ही रहा है। खुद स्टेशन अधीक्षक सहित अन्य रेलकर्मी भी पानी से जूझकर कर्तव्य निर्वहन करने को विवश है। सबसे ज्यादा परेशानी महिला यात्रियों व बाजार आने वाली महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। यह अलग बात है कि रेलवे ने इस बारे में अभी तक सूचना के बाद भी इसका स्थाई समाधान नही निकाला है।

वर्जन नगर पंचायत के वार्ड 03 व 04 सहित सभी जलजमाव वाले क्षेत्रों से जलनिकासी का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। अगर मौसम ने साथ दिया तो सभी क्षेत्र शीघ्र जलजमाव से मुक्त होंगे। जनजीवन सामान्य हो उसको लेकर वे संवेदनशील है।

शिवांशु शिवेश

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ,मेहसी

वर्जन 2 इस संदर्भ में आईओ डब्लू को सूचित किया गया है। इसके पूर्व भी स्टेशन प्रबंधन स्तर पर सूचित किया गया था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नही हुई है। अगर बरसात की यही स्थिति रही तो रेल के आवासीय भवनों में भी देर रात तक पानी प्रवेश कर जाएगा।

संजय कुमार

स्टेशन अधीक्षक,

मेहसी रेलवे स्टेशन

chat bot
आपका साथी