पूर्वी चंपारण में कोरोना ब्लास्ट, मिले 225 संक्रमित

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण में कोरोना ने संक्रमण के पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 10:09 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 10:09 PM (IST)
पूर्वी चंपारण में कोरोना ब्लास्ट, मिले 225 संक्रमित
पूर्वी चंपारण में कोरोना ब्लास्ट, मिले 225 संक्रमित

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण में कोरोना ने संक्रमण के पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। शनिवार को हुई जांच में 225 पॉजिटिव केस मिले हैं। इस स्थिति से हड़कंप-सा मच गया है। जिले में एक्टिव केस की संख्या में भी उछाल आ गया है। यह संख्या 911 हो गई है। इनमें से 46 मरीजों को सदर अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। जबकि 855 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। अब तक गंभीर स्थिति वाले कुल 10 मरीजों को हायर सेंटर पर रेफर किया गया है। संक्रमितों की संख्या को देखते हुए जिले में माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ा दी गई है। यह संख्या शनिवार को 188 हो गई। इससे 1122 घर एवं 5465 आबादी प्रभावित है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच की रफ्तार को भी बढ़ा दिया है। शनिवार को जांच के लिए कुल 5048 सैंपल लिए गए। एंटिजेन रैपिड टेस्ट किट, ट्रू-नेट एवं आरटी-पीसीआर से जांच की जा रही है। इस बीच शनिवार को राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के स्टेट प्रोग्राम अधिकारी डॉ. श्रीनिवास ने कोरोना से संबंधित गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन, कोरोना जांच एवं आइसोलेशन सेंटर की व्यवस्था की पड़ताल की। इसी क्रम में उन्होंने कालाजार से बचाव के लिए जिले में हो रही रहे छिड़काव की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी ली।

09 रेलयात्री मिले संक्रमित

प्रतिदिन रेलवे स्टेशन पर भी बाहर से आने वाले रेलयात्रियों की जांच की जा रही है। शनिवार को जांच में कुल नौ रेलयात्री संक्रमित पाए गए। इनमें बापूधाम मोतिहारी में आठ तथा चकिया में एक यात्री संक्रमित मिला। बापूधाम मोतिहारी के अलावा चकिया, मेहसी, सुगौली एवं रक्सौल स्टेशन पर भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को कुल 267 रेलयात्रियों की जांच की गई।

छह कोविड केयर सेंटर को किया एक्टिव

कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल समेत जिले में छह डेडिकेटेड कोविड हेल्थ केयर सेंटर को एक्टिव कर दिया गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर पहले से सक्रिय था। यहां 335 बेड की क्षमता है। इस सेंटर के लिए 170 ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता है। वहीं, अब अनुमंडल मुख्यालय चकिया में 50 बेड, अरेराज में 50 बेड, पकड़ीदयाल में 50 बेड, ढाका में 50 बेड तथा डंकन अस्पताल रक्सौल में 10 बेड की क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर को एक्टिव कर दिया गया है। इन केंद्रों पर भी पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं।

61 केंद्रों पर हुआ वैक्सीनेशन

शनिवार को एक बार फिर जिले में टीकाकरण को रफ्तार देने की कोशिश की गई। टीकाकरण के लिए कुल 61 सेशन साइट बनाए गए थे। इन केंद्रों पर लाभुकों को वैक्सीन कुल 6644 डोज दी गई। इनमें 5750 फ‌र्स्ट तथा 894 सेकेंड डोज शामिल है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरतचंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार को 93 सेशन साइट पर टीकाकरण होगा। शनिवार को भी वैक्सीन की 12 हजार डोज जिले को प्राप्त हुई है। यहां बता दें कि शुक्रवार को वैक्सीन की कमी के कारण जिले में टीकाकरण को ब्रेक लग गया था। मगर अब स्थिति सामान्य है।

chat bot
आपका साथी