नवादा गांव में एक दिन पहले ही मनेगी दीपावली

दीपावली का पर्व पूरे देश में 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा लेकिन बेनीपुर क्षेत्र के नवादा गांव में वर्षाें पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार एक दिन पहले ही दीपावली मनाई जाती है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Oct 2019 12:54 AM (IST) Updated:Thu, 24 Oct 2019 06:25 AM (IST)
नवादा गांव में एक दिन पहले ही मनेगी दीपावली
नवादा गांव में एक दिन पहले ही मनेगी दीपावली

दरभंगा । दीपावली का पर्व पूरे देश में 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा, लेकिन बेनीपुर क्षेत्र के नवादा गांव में वर्षाें पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार एक दिन पहले ही दीपावली मनाई जाती है। गांव के डॉ. मणिकांत झा, प्रो. पृथ्वीचंद्र महेंदु, पूर्व मुखिया रमानंद झा, प्रो. अरविद झा, महेंद्र झा लाला, सागर नवदिया, अवधेश झा, जिला पार्षद राम कुमार झा बब्लू, मुखिया बमबम झा, कृष्णानंद झा दादा, महेश झा, माया झा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि इस गांव के पूर्वजों का दरभंगा महाराज के घराने से अच्छा संबंध था और दरभंगा महाराज के यहां एक दिन पूर्व ही दीपावली मनाने की परंपरा रही है। उन्हीं का अनुसरण करते हुए यहां एक दिन पूर्व दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है। नवादा गांव जमींदारों एवं स्वतंत्रता सेनानियों का गांव रहा है। एक दिन पहले दीपावली मनाने को लेकर नवादा गांव के लोग अपने-अपने घरों की साफ-सफाई कर अभी से बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से सजाने का कार्य शुरु कर दिया है। गांव की मुख्य सडकों की साफ-सफाई भी युद्धस्तर पर जारी है। कई वृद्ध उक्का फेड़ने के लिए अभी से हुक्का बाती बनाने के लिए अपने-अपने घरों पर संठी एवं खर का इंतजाम कर रख लिया है। गांव के चौक-चौराहों पर पटाखों की दुकान सजने लगी है। नवादा भगवती स्थान को रंग-रोगन कर आकर्षक ढ़ंग से सजाया जा रहा है। बता दें कि दीपावली के दिन मां भगवती की विशेष पूजा की जाती है। लोगों के घरों में इस अवसर पर पकवान और मिठाई बनाने की तैयारी भी जोरों पर चल रही है। खासकर युवा वर्ग के लोगों में एक दिन पहले दीपावली मनाने को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।

----------------------------

chat bot
आपका साथी