सर्द हवा ने बढ़ाई कनकनी, पारा लुढ़का, जनजीवन प्रभावित

दरभंगा। जिले में रविवार को पारा 15 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री से भ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Dec 2020 12:13 AM (IST) Updated:Mon, 21 Dec 2020 12:13 AM (IST)
सर्द हवा ने बढ़ाई कनकनी, पारा लुढ़का, जनजीवन प्रभावित
सर्द हवा ने बढ़ाई कनकनी, पारा लुढ़का, जनजीवन प्रभावित

दरभंगा। जिले में रविवार को पारा 15 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। ठंड का असर आम जनजीवन पर दिखने लगा है। पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। सुबह के 11 बजे तक कोहरे की चादर ओढ़े शहर में लोग घरों में दुबके रहे। दोपहर में धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शाम ढलते के बाद लोग पूरी तैयारी के साथ सड़कों और बाजारों में निकलते दिखे। ज्यों-ज्यों घड़ी की सूई नौ पर पहुंचती है, सड़कों पर सन्नाटा दिखने लगता है।

दुकानदार अपने-अपने प्रतिष्ठानों का शटर गिराकर घर रवाना हो जाते है। बढ़ रही ठंड के कारण ऊनी कपड़ों की खरीदारी भी जोरों पर है। लोग शॉल, कंबल, स्वेटर, जैकेट के अलावा हीटर, गीजर, ब्लोअर की जमकर खरीदारी कर रहे है। जगह-जगह सुबह के वक्त आर्थिक रूप से लाचार लोग कंबलों में लिपटे अलाव सेंकते नजर आते है। ताकि, ठंड से उन्हें राहत मिल सके। हालांकि, कई स्थानों पर अब तक नगर निगम की ओर से अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण खासकर दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कादिराबाद स्थित सरकारी बस पड़ाव आदि स्थानों पर मुसाफिरों और रिक्शाचालक कागज जलाकर ठंड से निजात पाने की कोशिश करते रहते है। हाड़ कपाने वाली ठंड में सबसे अधिक परेशानी बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग को हो रही है। खासकर कोचिग पढ़ने जाने वाले छात्रों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, ठंड का असर बाजारों पर भी दिखने लगा है। गर्म कपड़ों और इलेक्ट्रिक उपकरणों को छोड़ बाकी बाजारों में सन्नाटा पसरा दिख रहा है। बच्चे शाम ढ़लने से पूर्व ही अपने-अपने घरों को लौट रहे है। भीड़-भाड़ वाले स्थान मसलन, दरभंगा जंक्शन, बस स्टैंड आदि स्थान जहां पहले काफी चहल-पहल देखने को मिलती थी, वहां भी ठंड का असर दिख रहा है।

प्रखंडों में जगह-जगह अलाव की हुई व्यवस्था

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश का असर रविवार से दिखने लगा। प्रखंड प्रशासन की ओर से जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई। अलाव जलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत जरुरी मिली। इधर, शहरी क्षेत्र में भी अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया है। बताया जाता है कि अलाव संबंधी फाइल को महापौर के पास भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर अलाव जलाए जाएंगे। घने कोहरे ने बढ़ाईं मुश्किलें

पिछले कुछ दिनों से घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात की बात क्या करें, दिन में भी गाड़ियों के हेड लाइट्स जलते दिखाई देते है। बावजूद गाड़ियां सड़कों पर रेंगती नजर आती है। सबसे अधिक परेशानी राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे पर देखने को मिलती है। यहां 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चालक गाड़ी चलाने को बाध्य है।

-----------

chat bot
आपका साथी