दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में पढ़ेंगे मधुबनी के भी विद्यार्थी

दरभंगा। दरभंगा के मब्बी स्थित दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज कैंपस में अब मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Feb 2021 12:14 AM (IST) Updated:Sun, 07 Feb 2021 12:14 AM (IST)
दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में पढ़ेंगे मधुबनी के भी विद्यार्थी
दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में पढ़ेंगे मधुबनी के भी विद्यार्थी

दरभंगा। दरभंगा के मब्बी स्थित दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज कैंपस में अब मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के विद्यार्थी भी पढ़ाई करेगें। इसको लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल ब्रांच के लगभग 240 विद्यार्थी अब दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज के नये भवन में पढ़ाई शुरू करेंगे। इसको लेकर इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल इंजीनियरिग के लगभग 150 विद्यार्थी का नामांकन भी मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज में हो चुका है। बता दें कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर समेत अन्य सुविधाएं अब मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के छात्रों को भी मिलेगी। इससे पहले मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के छात्रों की पढ़ाई मोतिहारी इंजीनियरिग कॉलेज में हो रही थी।

मधुबनी के तीन और दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज के चार ब्रांच की पढ़ाई एक कैंपस में

दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में चार ब्रांच संचालित है। इसमें सिविल, मैकेनिकल, ईईई और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिग ब्रांच की पढ़ाई होती है। सभी ब्रांच मिलाकर एक हजार विद्यार्थी हैं। वहीं मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज में इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल इंजीनियरिग ब्रांच की पढाई होती है। अब मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के इलेक्ट्रिकल के 60, मैकेनिकल के 60 और सिविल इंजीनियरिग के 120 विद्यार्थी दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में अपने-अपने ब्रांच की पढ़ाई पूरी करेंगे। यानि कि दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज के लगभग एक हजार और मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के 240 कुल 1240 विद्यार्थियों की पढ़ाई अब दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में होगी।

अत्याधुनिक लैब समेत बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर का मिलेगा लाभ

करोड़ों की लागत से बने नये भवन में दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज को शिफ्ट कर दिया गया है। उक्त भवन में विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए 15 से अधिक क्लास रूप की व्यवस्था की गई है। साथ ही चार सेमिनार हॉल, 25 अत्याधुनिक लैब समेत पढ़न-पाठन संबंधित सभी जरूरी सुविधाएं छात्रों दी जाएगी।

अतिथि शिक्षक किए जाएंगे बहाल

अब तक दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में लगभग एक हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की व्यवस्था थी। लेकिन अब मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज के सभी ब्रांच के 240 छात्रों के लिए भी शिक्षकों की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए कॉलेज में अतिथि शिक्षकों बहाल किए जाएंगे। बता दें कि मधुबनी इंजीनियरिग कॉलेज में शिक्षकों, क्लर्क समेत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की घोर कमी है। दरभंगा इंजीनियरिग कॉलेज में भी एक क्लर्क के भरोसे कॉलेज के सभी कागजी काम काज है।

-

chat bot
आपका साथी