जन समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं प्रशासनिक अधिकारी

हायाघाट नगर पंचायत के पश्चिमी विलासपुर में कायम जल-जमाव की समस्या का स्थाई निदान करने समेत दस सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को महागठबंधन नेताओं ने नयानगर पश्चिमी विलासपुर बांध पर एक दिवसीय धरना दिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 12:48 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 12:48 AM (IST)
जन समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं प्रशासनिक अधिकारी
जन समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं प्रशासनिक अधिकारी

दरभंगा । हायाघाट नगर पंचायत के पश्चिमी विलासपुर में कायम जल-जमाव की समस्या का स्थाई निदान करने समेत दस सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को महागठबंधन नेताओं ने नयानगर पश्चिमी विलासपुर बांध पर एक दिवसीय धरना दिया। राजद नेता अंजार जमाल गुड्डू की अध्यक्षता व युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव डा. खुदादाद अब्दुल अली के संचालन में आयोजित धरना को संबोधित करते हुए राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव ने कहा कि पश्चिमी विलासपुर के लोग विगत कई महीनों से जल-जमाव की समस्या से परेशान हैं, लेकिन इनकी परेशानियों से प्रशासन को कोई लेना-देना नहीं है। समस्या का जब-तक स्थाई समाधान नहीं निकाला जाता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता मो साजिद हुसैन ने कहा कि नीतीश सरकार लोगों की समस्याओं को दूर करने विफल साबित हुई है। समय रहते प्रशासन उक्त समस्या का सही निदान नहीं करता है, तो महागठबंधन के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय से लेकर विधानसभा तक का घेराव करेंगे। राजद नेता अंजार जमाल गुड्डू ने कहा कि 34 वर्ष पूर्व पश्चिमी विलासपुर में जल निकासी के लिए पुल था। वह 1987 के बाढ़ में बह गया, फिर उस जगह पर पुन: पुल का निर्माण नहीं हो सका। इस कारण जल निकासी रूक गई। उन्होंने कहा कि अगर जल्द जल-जमाव की सही निदान नहीं किया जाता है तो उक्त समस्या को लेकर जनता सड़क पर उतरेगी व सड़क जाम करेगी। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव डा. खुदादाद अब्दुल अली ने कहा कि नगर पंचायत हायाघाट बनने के पहले भी उक्त समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इसको लेकर डीएम को भी ध्यान आकृष्ट कराया गया। लेकिन अबतक उक्त समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते उक्त समस्याओं का निदान नहीं किया जाता है तो आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। सभा को भाकपा माले नेता डा. शोएब, मो. आफताब आलम, मो. मुस्तफा मो. जैदी, मो. मरगुबुल हक फैज, राशिद जमाल आदि ने संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी