पुलिस की विशेष टीम ने मटरगश्ती कर रहे 62 लोगों को किया गिरफ्तार, 72 वाहन जब्त
दरभंगा। लॉकडाउन को कारगर बनाने के लिए मंगलवार को पूरे शहर में पुलिस लाइन के बस को
दरभंगा। लॉकडाउन को कारगर बनाने के लिए मंगलवार को पूरे शहर में पुलिस लाइन के बस को दौड़ाया गया। जो जहां मटरगश्ती करते पाए अथवा जिसने लॉकडाउन का उल्लंघन किया उसे गिरफ्तार कर बस में बैठा दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम के इस अभियान से पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। बताया जाता है कि अधिक लोगों की गिरफ्तारी होने से छोटे वाहनों में शारीरिक दूरी का पालन कराना मुश्किल हो रहा था। इससे कई पुलिस वाले कम संख्या में उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार कर रहे थे। ताकि, पुलिस के साथ-साथ उल्लंघन करने वाले भी सुरक्षित रहे। यह जानकारी मिलते ही अभियान को सख्त रूप से चलाने के लिए पुलिस लाइन से बस को सड़कों पर दौड़ा दिया दिया। नतिजा, यह रहा कि वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में लहेरियासराय थानाक्षेत्र के सैदनगर स्थित मछली बाजार के पास 16 लोगों को मटरगश्ती करते हुए दबोच लिया गया। इसके बाद सभी को एक साथ बस में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए थाना ले जाया गया। पकड़े गए में बहादुरपुर थानाक्षेत्र के कोढि़या निवासी सुंदर कुमार साह, गुड्डू कुमार पासवान, रोहन कुमार एकमीघाट निवासी राजेश सहनी, मो. इरशाद, बाकरगंज निवासी बल्लू सहनी, आदित्य कुमार महतो, प्रकाश कुमार सहनी, मोनू कुमार सहनी, बहादुरपुर के तारालाही निवासी मो. सुहैल, बहेड़ी के चक्का निवासी भिखो दास, बहादुरपुर के बरहेता निवासी बेशराज मंडल, शास्त्रीनगर निवासी चंदन कुमार मिश्रा, सैदनगर के रोहित दास और भागलपुर निवसी व स्थानीय एकमी घाट के कुरियर कर्मी अमित कुमसा शामिल हैं। अभियान दौरान लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, दारूभट्टी चौक आदि जगहों से 38 वाहनों को जब्त किया गया। किसी चालक ने सफर करने का कोई ठोस कारण नहीं बताया। इसके बाद सभी को जुर्माना की राशि वसूले जाने के बाद छोड़ दिया गया। इधर, एसएसपी राम ने कोतवाली ओपी क्षेत्र में मटरगश्ती करते हुए दो दर्जन लोगों को दबोच लिया। इसके बाद सभी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। इससे कोतवाली ओपी की पुलिसिग की पोल खुल गई। मौके पर दस बाइक को जब्त कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया । इस कार्रवाई से स्थानीय पुलिस सहित लॉकडाउन उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा रहा। इधर, विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र में सात बाइक, एक स्कार्पियो, एक बोलेरो और एक टेंपो को जब्त कर कार्रवाई करने के लिए सौंप दिया गया। वहीं नगर थानाक्षेत्र में मटरगश्ती करते 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं 14 वाहनों को जब्त कर जुर्माना की राशि वसूली गई। इसके बाद सभी वाहन चालकों को छोड़ दिया गया। इधर, एसएसपी ने सभी थानेदारों को लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सड़क पर लगातार गश्ती करने का आदेश दिया है। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।