पंचायत चुनाव को लेकर शस्त्रों का शुरू हुआ सत्यापन

बक्सर पंचायत चुनाव को लेकर शस्त्रों का सत्यापन कराया जा रहा है। थानावार इसकी तिथि पूर्व मे

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 10:10 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 10:10 PM (IST)
पंचायत चुनाव को लेकर शस्त्रों का शुरू हुआ सत्यापन
पंचायत चुनाव को लेकर शस्त्रों का शुरू हुआ सत्यापन

बक्सर : पंचायत चुनाव को लेकर शस्त्रों का सत्यापन कराया जा रहा है। थानावार इसकी तिथि पूर्व में ही निर्धारित कर दी गई है। इसके अंतर्गत पहले दिन सभी थानों में शस्त्रों के सत्यापन का कार्य किया गया। जिलाधिकारी अमन समीर ने इसके लिए पहले ही तिथि निर्धारण के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी थी।

सत्यापन कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को नगर थाने में 165 शस्त्रों का सत्यापन किया गया। मौके पर मौजूद सदर अंचलाधिकारी प्रियंका राय एवं नगर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार के द्वारा ना सिर्फ शस्त्रों का बल्कि कारतूसों का भी सत्यापन किया गया। मसलन यदि किसी के पास 50 कारतूस है और वह जांच में केवल 40 ही प्रस्तुत कर सके तो उनसे इसका स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने शुक्रवार को सत्यापन नहीं कराया वह शनिवार को शस्त्रों का सत्यापन कराएंगे। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र के 65 अनुज्ञप्ति धारियों के शस्त्रों का सत्यापन शुक्रवार को किया गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि कुल 160 लोगों का सत्यापन करना था लेकिन, केवल 65 लोग ही पहुंचे थे।

इटाढ़ी में 136 शस्त्रों का हुआ भौतिक सत्यापन संस, इटाढ़ी(बक्सर) : इटाढ़ी थाना में लाइसेंसी हथियारों के भौतिक सत्यापन का कार्य किया गया। अंचलाधिकारी रजनीकांत की उपस्थिति में थाना परिसर में 136 लाइसेंसी शस्त्र धारकों के शस्त्रों का भौतिक सत्यापन किया गया। शस्त्रों का सत्यापन को लेकर थाना परिसर में शस्त्र धारकों का दिन भर भीड़ लगी रही। थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार ने कहा कि प्रत्येक अनुज्ञप्ति धारकों के लिए शस्त्रों का भौतिक सत्यापन कराना अनिवार्य है।

ब्रह्मपुर में सत्यापित हुए 179 हथियार

संस, ब्रह्मपुर(बक्सर) : स्थानीय प्रखंड के तीन थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को कुल 179 लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन किया गया। बगेन थाना में प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार मिश्र तथा थानाध्यक्ष अजय कुमार रजक द्वारा शुक्रवार को सबसे अधिक 84 हथियारों का सत्यापन किया गया। वहीं, ब्रह्मपुर थाना में अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी तथा थानाध्यक्ष निर्मल कुमार द्वारा 61 हथियारों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा नैनीजोर थाना में 34 हथियारों सहित कुल 179 हथियार का सत्यापन कर गोलियों का हिसाब किताब भी लिया गया।

राजपुर में 125 शस्त्रों का हुआ सत्यापन संस, राजपुर (बक्सर) : प्रखंड मुख्यालय स्थित थाना परिसर में शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में सीओ शशि सिंह थाना अध्यक्ष युसूफ अंसारी के संयुक्त नेतृत्व में थाना क्षेत्र के 125 लाइसेंसी हथियारों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान हथियारों का रखरखाव, कारतूस की खरीद एवं खपत की भी जांच पड़ताल की गयी।

शस्त्रों के सत्यापन को चौसा में सुबह से जुटे लोग संस, चौसा (बक्सर) : पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को मुफस्सिल थाने में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन किया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी अमित कुमार एवं दंडाधिकारी अंचल पदाधिकारी बृज बिहारी कुमार के नेतृत्व में सत्यापन कार्य में शस्त्रों का रखरखाव, कारतूस की खरीद एवं खपत की भी जांच पड़ताल की गयी। थाने पर सुबह शस्त्र धारियों की भीड़ लगी रही। थाना प्रभारी ने बताया कि इस दौरान सौ शस्त्रों का सत्यापन किया गया।

कृष्णाब्रह्म में 37 शास्त्रों का हुआ सत्यापन

संस, कृष्णाब्रह्म बक्सर : जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को कृष्णाब्रह्म थाना में लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन किया गया। इस अवसर पर चक्की के अंचलाधिकारी कौशल कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार द्वारा कुल 37 लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन किया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि जिन हथियारों का सत्यापन आज नहीं हो सका, वैसे शेष बचे हथियारों का सत्यापन करने के लिए 6 सितंबर को तिथि तय की गई है।

131आग्नेयस्त्रों का हुआ सत्यापन

संस, नावानगर(बक्सर) : पंचायत चुनाव को लेकर नावानगर और सिकरौल थाना में 131 आग्नेयास्त्रों का सत्यापन नियुक्त मजिस्ट्रेटों द्वारा किया गया. नावानगर में बीडीओ धर्मेंद्र कुमार द्वारा और सिकरौल थाना में सीओ अजीत कुमार द्वारा आग्नेयास्त्रों का सत्यापन किया गया. नावानगर थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी अमरनाथ ने बताया कि नावानगर थाना में 75 आग्नेयास्त्रों का सत्यापन पहले दिन हुआ. वहीं, सिकरौल थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सिकरौल थाना में पहले दिन 56 आग्नेयास्त्रों का सत्यापन हुआ.

chat bot
आपका साथी