रिसेप्शन की रात ही लड़की ने बता दी थी अपनी प्रेम कहानी

बताया जाता है कि इंदु की डुमारांव के जिस परिवार में शादी की गई थी वो काफी संपन्न परिवार है। 5 मार्च 201

By JagranEdited By: Publish:Tue, 10 Dec 2019 09:59 PM (IST) Updated:Tue, 10 Dec 2019 09:59 PM (IST)
रिसेप्शन की रात ही लड़की ने बता दी थी अपनी प्रेम कहानी
रिसेप्शन की रात ही लड़की ने बता दी थी अपनी प्रेम कहानी

बक्सर : बताया जाता है कि इंदु की डुमरांव के जिस परिवार में शादी की गई थी, वह डुमरांव के संपन्न व्यवसायी में गिने जाते हैं। 5 मार्च 2018 को शादी होने के बाद सात मार्च को डुमरांव में रिसेप्शन का आयोजन था। उसी रात इंदु ने ससुराल वालों को अपनी पूरी प्रेम कहानी बताते हुए ससुराल से मायके जाने की इच्छा जताई थी। भव्य रिसेप्शन समारोह में सैकड़ो लोग शामिल हुए थे। ससुरालवालों ने इंदु को समझाया कि सिर्फ रात भर इंतजार के बाद सुबह होते ही उसे मायके पहुंचा दिया जाएगा।

इस संबंध में डुमरांव निवासियों की मानें तो रिसेप्शन पार्टी डुमरांव की सबसे भव्य पार्टियों में शुमार थी। काफी भव्य इंतजाम किया गया था। रिसेप्शन की शाम ही इंदु ने ससुराल वालों के समक्ष अपनी पूरी प्रेम कहानी बताते हुए ससुराल से उसी रात मायके जाने की जिद पकड़ ली। इस दौरान ससुराल वालों ने किसी प्रकार समझा बुझा कर इंदु को शांत किया कि अभी पार्टी चल रही है। जिसमें उसका रहना ही सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। अचानक पार्टी के बीच उसके चले जाने से भारी बदनामी होगी। सिर्फ रात बीतने का इंतजार करे और सुबह होते ही उसे मायके भेज दिया जाएगा। इस बीच पार्टी बीतने के बाद अगले दिन सुबह इंदु के पिता को ससुरालवालों ने फोन करते हुए पूरी बात बताई और आठ मार्च की सुबह पिता के आते ही उसकी विदाई कर दी।

किसे मिलेगा 50 हजार का इनाम

पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी युवती की हत्या में उसकी पहचान नहीं होने से पुलिस को जांच की कोई सही दिशा तय करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से हर संभावित कारणों की बेहद बारीकी से छानबीन करने में लगी थी। बावजूद इसके पहचान नहीं होने पर पुलिस मुख्यालय के आदेश पर युवती की पहचान उजागर करने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपयों के इनाम की घोषणा की गई थी। इस बीच अपर पुलिस महानिदेशक अपराध अनुसंधान विभाग पटना बिहार को किसी ने दिनारा की युवती होने की सूचना दी। जिसके आधार पर छानबीन करते हुए पुलिस ने घटना का महज दो दिनों में खुलासे कर लिया। पुलिस अधीक्षक से जब सवाल किया गया कि आखिर घटना का खुलासे होने के बाद इनाम की राशि किसे दी जाएगी? पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में बताया कि युवती के बारे में सूचना सीधे अपराध अनुसंधान विभाग को मिला है, इसलिए एडीजी सीआईडी ही यह तय करेंगे कि इनाम कि राशि किसे देनी है। इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

सेवा निवृत फौजी पिता हैं बैंक में गार्ड

एसपी ने बताया कि युवती के पिता महेंद्र प्रसाद पहले आर्मी में कार्यरत थे। जहां से सेवा निवृत होने के बाद दिनारा थाना क्षेत्र के इटढि़या स्थित इलाहाबाद बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। जिस समय आर्मी में कार्यरत थे तभी उन्होंने हथियार का लाइसेंस हासिल किया था। उनके पास से बरामद की गई राइफल भी आठ एमएम की पाई गई है। जबकि, घटनास्थल से बरामद खोखा भी आठ एमएम का ही बरामद किया गया है। दोनों में समानता को देखते हुए अनुमान किया जा रहा है कि युवती पर चलाई गई गोली पिता के पास से बरामद किए गए राइफल से ही चलाई गई होगी। वैसे इसकी बैलेस्टिक जांच के माध्यम से पुष्टि कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी