भूमि विवाद के बढ़ते मामलों पर डीएम ने मातहतों को दी चेतावनी

बक्सर भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर जिला प्रशासन बेहद गंभीर हैं तथा मामलों को नहीं स

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 09:07 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 09:07 PM (IST)
भूमि विवाद के बढ़ते मामलों पर डीएम ने मातहतों को दी चेतावनी
भूमि विवाद के बढ़ते मामलों पर डीएम ने मातहतों को दी चेतावनी

बक्सर : भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर जिला प्रशासन बेहद गंभीर हैं तथा मामलों को नहीं सुलझाने पर संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में भूमि विवाद जनित अपराध को रोकने हेतु अंचल एवं अनुमण्डल स्तर पर आयोजित किये जा रहे भूमि विवाद निपटारा कैम्पों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि भूमि विवाद के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या को सरकार के स्तर पर काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि भूमि विवाद का निपटारा आपसी सहमति से समय पर कर लिया जाय, ताकि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। इसके लिए प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी को भूमि विवाद से संबंधित बैठक निश्चित रूप से की जाए। साथ ही प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर होने वाली बैठक में उस थाना अंतर्गत सभी चौकीदारों की चौकीदारी परेड करवाकर उनके क्षेत्रान्तर्गत भूमि विवाद से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त की जाए। अनुमण्डल स्तर पर अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को प्रत्येक 15 दिन पर एक बार अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी अंचलों के भूमि विवाद की समीक्षा करने का निदेश दिया गया।

समीक्षात्मक बैठक में सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को निश्चित रूप से उपस्थित रहने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि वे स्वयं पुलिस अधीक्षक के साथ प्रत्येक महीने जिला स्तरीय बैठक में सभी भूमि विवाद के मामलों की विस्तार से समीक्षा करेंगे। समीक्षा के क्रम में सभी मामलों पर विस्तार से चर्चा कर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी के विरूद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।

विधि-व्यवस्था के लिए समस्या बन रहे भूमि विवाद

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि जिले के कुछ प्रखंडों में भूमि विवाद के मामले काफी पुराने हैं एवं उसके कारण विधि-व्यवस्था की समस्या लगातार उत्पन्न होते रहती है। अतएव पहले गंभीर तरह के भूमि विवादों को प्राथमिकता के तौर पर हल करने की आवश्यकता है। इसके लिए अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को भी पहल करनी होगी। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. योगेश कुमार सागर, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज रजक, प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी