भदवर और बगेन पंचायत में उप मुखिया को प्रभार, विकास को मिलेगी रफ्तार

बक्सर प्रखंड के बगेन पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार सिंह के हत्याकांड में फरार होने और

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Jan 2021 08:41 PM (IST) Updated:Wed, 06 Jan 2021 08:41 PM (IST)
भदवर और बगेन पंचायत में उप मुखिया को प्रभार, विकास को मिलेगी रफ्तार
भदवर और बगेन पंचायत में उप मुखिया को प्रभार, विकास को मिलेगी रफ्तार

बक्सर : प्रखंड के बगेन पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार सिंह के हत्याकांड में फरार होने और भदवर मुखिया पप्पू सिंह को ऐसे ही मामले में जेल चले जाने के बाद दोनों ही पंचायतों की विकास योजनाओं पर पिछले कई महीने से ब्रेक लग गया था। ऐसी स्थिति में बाधित योजनाओं को कार्यान्वित करने के लिए जिला प्रशासन के आदेश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने दोनों ही पंचायतों का प्रभाव उप मुखिया को सौंप दिया।

प्रभार मिलने के बाद दोनों ही पंचायतों में नल जल और गली नली की योजनाओं के साथ आम जनता का कामकाज भी शुरू होने की उम्मीद जग गई है। बताया जाता है कि पंचायत सचिव श्याम किशोर सिंह की हत्या के मामले में मुखिया रंजीत कुमार सिंह कई महीने से फरार हैं। इस पंचायत में मुखिया का प्रभार उप मुखिया महफूज आलम को सौंप दिया गया। इसी तरह भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना कांड में एक छात्र की हत्या के मामले में आरोपित भदवर पंचायत के मुखिया पप्पू सिंह के जेल जाने के बाद कई महीने से इस पंचायत की विकास योजनाएं भी बाधित हो गई थी। इस पंचायत के उप मुखिया शिव मुनि देवी को प्रभार सौंप दिया गया। इसकी पुष्टि करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ सत्येंद्र पाराशर ने बताया कि एक मुखिया के फरार होने और दूसरे के जेल जाने के कारण सात निश्चय सहित विकास का कामकाज बाधित हो गया था। ऐसी स्थिति में दोनों पंचायतों का प्रभार उप मुखिया को सौंप दिया गया और उन्हें कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।

हत्याकांड में पांच महीने से फरार है मुखिया

बगेन के पंचायत सचिव श्याम किशोर सिंह की हत्या के मामले में पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार सिंह 5 महीने से फरार हैं। इस मामले में डुमरांव पुलिस द्वारा मुखिया के सहयोगी अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन इतने दिनों के बाद भी पुलिस मुखिया को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई।

बगेन में उप मुखिया का हुआ चुनाव

बगेन पंचायत की जनता का दुर्भाग्य है कि मुखिया हत्याकांड में फरार है,तो उप मुखिया बाल मुनी देवी पर भी लाखों रुपए घोटाला के मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज है। उन पर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में नल जल योजना में लगभग 26 लाख रुपये का गबन करने की प्राथमिकी तत्कालीन पंचायत सचिव श्याम किशोर सिंह द्वारा 13 फरवरी 2020 को ही बगेन थाने में दर्ज कराई गई थी। इस तरह घोटाला के मामले में फंसी उप मुखिया को प्रभार नहीं दिया गया और फिर से उप मुखिया का चुनाव कराया गया। जिसमें महफूज आलम निर्वाचित घोषित किए गए और उन्हें पंचायत का प्रभार दे दिया गया।

chat bot
आपका साथी