कड़सर हत्याकांड का मुख्य आरोपी चंद्रभान दुबे पटना से हुआ गिरफ्तार

बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के सोनवर्षा बाजार में बुधवार की शाम गोली मारकर की गई शिवनारायण सि

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 09:54 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 09:54 PM (IST)
कड़सर हत्याकांड का मुख्य आरोपी चंद्रभान दुबे पटना से हुआ गिरफ्तार
कड़सर हत्याकांड का मुख्य आरोपी चंद्रभान दुबे पटना से हुआ गिरफ्तार

बक्सर : अनुमंडल क्षेत्र के सोनवर्षा बाजार में बुधवार की शाम गोली मारकर की गई शिवनारायण सिंह की हत्या मामले का मुख्य आरोपित चंद्रभान दुबे अनुमंडल पुलिस के द्वारा पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस गिरफ्तारी को अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है। मंगलवार को डुमरांव थाना में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पुलिस कप्तान नीरज कुमार सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी के लिखित बयान पर इस हत्याकांड में कुल चौदह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

इस मामले में मुरारी साहू और दिनेश रवानी के साथ ही घटना के मुख्य आरोपी चंद्रभान दुबे को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। बता दे कि बुधवार की शाम अनुमंडल क्षेत्र के सोनवर्षा ओपी अंतर्गत कड़सर बाजार में स्व. रामबालक सिंह उर्फ कड़े सिंह के पुत्र शिव नारायण सिंह (35 वर्ष) की दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 120 को घंटों जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नारेबाजी की गई थी। उस समय पुलिस कप्तान नीरज कुमार सिंह के द्वारा आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और अविलंब गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी के अलावे डुमरांव डीएसपी केके सिंह सहित अन्य कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। मृतक के भाई की हत्या मामले में फरार चल रहा था आरोपित

मामूली सी जमीन के टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच चली आ रही खूनी संघर्ष में अब तक तीन लोगों की हत्या हो चुकी हैं। वर्ष 2013 में इसी जमीन विवाद को लेकर मृतक शिव नारायण सिंह के पिता रामबालक उर्फ कड़े सिंह के घर में घुसकर अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इसके बाद वर्ष 2018 में कड़े सिंह के पुत्र अशोक सिंह की हत्या समौसर नहर पुल पर गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्या मामले में गिरफ्तार चंद्रभान दुबे और पिता ब्रह्मचारी दुबे सहित कई नामजद हुए थे। कई वर्षों तक पुलिस को चकमा देकर अशोक सिंह हत्याकांड के आरोपी इधर-उधर भागते रहे। अंततोगत्वा न्यायालय के आदेश पर पुलिस द्वारा फरार ब्रह्मचारी दुबे के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई तो न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, लेकिन चंद्रभान दुबे पिछले तीन साल से इस हत्या मामले में फरार था। इसी बीच बुधवार की शाम शिवनरायण सिंह की हत्या हुई और इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी के बयान चंद्रभान दुबे को बनाया गया।

मृतक पर तीन बार किया गया था जानलेवा हमला

जमीनी विवाद की आग में जल रहे एक दूसरे के जानी दुश्मन बने हुए हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक एक पक्ष का ही ज्यादा नुकसान हुआ। जानकार सूत्रों ने बताया कि हत्या के शिकार हुए शिव नारायण सिंह पर पहले भी कई बार जानलेवा हमला किया जा चुका है। अपराधियों द्वारा गोलीबारी के साथ ही फरसा कांड और तेजाब फेंक कर हत्या करने की कोशिश की जा चुकी है। लेकिन हर बार बचकर निकलने वाले शिवनारायण सिंह की हत्या बुधवार की शाम कड़सर बाजार में मछली खरीदारी करते समय नामजद अपराधियों के द्वारा गोली मारकर कर दी गई।

विवाद का कारण है बिहार सरकार की जमीन

एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के पीछे मुख्य कारण बिहार सरकार की मामूली जमीन पर कब्जा जमाने की बात कही जा रही है। विश्वस्त सूत्रों ने बताया जेल में बंद ब्रह्मचारी दुबे पक्ष के लोग बिहार सरकार की इसे मामूली सी जमीन को हड़पने की कोशिश की, लेकिन शिवनारायण सिंह का परिवार इसका विरोध किया। इसी के चलते घर में सोये पिता, बाद में बड़े भाई और बुधवार की शाम शिवनारायण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फिलहाल इस घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और दहशत के साए में जी रहा है।

--------------------

कड़सर हत्या मामले में पुलिस सघन तफ्तीश कर रही है। मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फरार आरोपियों को अविलंब दबोच लिया जाएगा।

नीरज कुमार सिंह, एसपी

chat bot
आपका साथी