कोविड वैक्सीनेशन में बक्सर ने बनाया राज्य में तीसरा स्थान

बक्सर कोरोना के अंत का आरंभ प्रदेश के सभी जिलों में हो गया है। पिछले तीन दिनों से स्वास्थ्य

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 09:43 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 09:43 PM (IST)
कोविड वैक्सीनेशन में बक्सर ने बनाया राज्य में तीसरा स्थान
कोविड वैक्सीनेशन में बक्सर ने बनाया राज्य में तीसरा स्थान

बक्सर : कोरोना के अंत का आरंभ प्रदेश के सभी जिलों में हो गया है। पिछले तीन दिनों से स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड का वैक्सीन दिया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया प्रदेश के हर जिले में चल रही है लेकिन गौर करने लायक बात यह है कि पिछले दो दिनों में बक्सर ने कोविड-19 के इस वैक्सीनेशन में महत्वपूर्ण तीसरा स्थान हासिल किया है। या यूं कहें कि यहां के लोगों ने इस मामले में मिसाल पेश की है और 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बक्सर ने यह मुकाम प्राप्त किया है।

वैसे टीकाकरण में पूरे प्रदेश में सबसे जागरूक बेगूसराय के लोग निकले हैं। बेगूसराय 77 प्रतिशत उपलब्धि के साथ टॉप पर पहुंच गया है। औरंगाबाद ने भी 75 प्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा कर लिया है और राज्य में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ.राजकिशोर सिंह ने बताया कि जिले में सात सत्र स्थलों पर प्रतिदिन 100 लोगों के हिसाब से 700 लोगों का टार्गेट दिया गया है। इसमें पहले दिन शनिवार को 700 में 510 तथा दूसरे दिन सोमवार को 700 में 500 लोगों को टीका प्रदान किया गया। इस तरह दो दिनों में 1010 लोगों को टीका देकर बक्सर ने 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर लिया। डीआईओ ने कहा कि यह बक्सर के लिए गर्व की बात है कि जिला तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

शाहाबाद में बक्सर के बाद कैमूर का स्थान

शाहाबाद में बक्सर ने 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है तो 70 प्रतिशत उपलब्धि के साथ कैमूर भी बक्सर के करीब पहुंच गया है। कैमूर ने इस मामले में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। जबकि, शाहाबाद के दो अन्य जिलों में रोहतास ने 64 तथा भोजपुर ने सबसे कम 49 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।

नवादा और पश्चिम चंपारण सबसे निचले पायदान पर

टीकाकरण में सबसे निचले पायदान पर नवादा और पश्चिम चंपारण जिले हैं। इन दोनों जिलों ने दो दिनों में महज 39 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। यहां दो दिनों में निर्धारित लक्ष्य 1800 के विरुद्ध क्रमश: 703 और 699 लोगों को ही कोविड वैक्सीनेशन से प्रतिरक्षित किया जा सका है।

पटना ने हासिल की 55 प्रतिशत उपलब्धि

कोविड वैक्सीनेशन के मामले में जागरूकता में पटना के लोग भी पीछे हो गए। प्रदेश की राजधानी होने के बाद भी पटना में केवल 55 फीसद स्वास्थ्य कर्मियों ने ही कोविड का टीका लिया है। दूसरी तरफ इसमें बेहतर करने वाले अन्य जिलों में बांका ने 71, दरभंगा ने 72, भागलपुर और खगड़िया ने 67, सहरसा ने 65 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।

बयान :

दो दिनों में 1010 लोगों को टीका देकर बक्सर ने 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले में सात सत्र स्थलों पर प्रतिदिन 100 लोगों के हिसाब से 700 लोगों को टीका देने का टार्गेट दिया गया है।

डॉ.राजकिशोर सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, बक्सर।

chat bot
आपका साथी