भोजपुर में करंट से युवक की मौत

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां ओपी के बसंतपुर गांव में शुक्रवार की सुबह विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आने से एक युवक की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 11:43 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 11:43 PM (IST)
भोजपुर में करंट से युवक की मौत
भोजपुर में करंट से युवक की मौत

आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां ओपी के बसंतपुर गांव में शुक्रवार की सुबह विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आने से एक युवक की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक 26 वर्षीय भीम कुमार रजक बसंतपुर गांव निवासी स्व. राजदेव रजक का पुत्र था। वह पेशे से मजदूर था। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। हादसा सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास हुआ।

रास्ते में पहले से टूटकर गिरा था तार

भीम कुमार रजक सुबह शौच करने बधार में जा रहा था। रास्ते में पहले से बिजली का तार टूट कर गिरा पड़ा था। अचानक वह विद्युत प्रवाहित तार के चपेट में आ गया।जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। इसके बाद हो-हल्ला होने पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर मृतक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए और उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डा.आशुतोष कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह एवं पिरौटा के जाप नेता रघुपति यादव सदर अस्पताल पहुंचे और स्वजनों को ढांढस बंधाया।

--

तीन भाइयों में छोटा था भीम

भीम अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के परिवार में मां चंद्रावती देवी व दो भाई जय शंकर रजक एवं कुंदन रजक हैं। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मृतक की मां चंद्रावती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

chat bot
आपका साथी