पीड़ित मानवता की सेवा में सक्रिय है रेड क्रॉस भोजपुर

पीड़ित मानवता की सेवा करने के उद्देश्य से संपूर्ण विश्व में विश्व रेड क्रॉस सोसाइटी का गठन किया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 11:03 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 11:03 PM (IST)
पीड़ित मानवता की सेवा में सक्रिय है रेड क्रॉस भोजपुर
पीड़ित मानवता की सेवा में सक्रिय है रेड क्रॉस भोजपुर

आरा : पीड़ित मानवता की सेवा करने के उद्देश्य से संपूर्ण विश्व में विश्व रेड क्रॉस सोसाइटी का गठन किया गया है। इस सोसाइटी की भोजपुर इकाई भी अपने स्थापना काल से अपने उद्देश्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। इकाई द्वारा विभिन्न अवसरों पर विभिन्न कार्यों के माध्यम से भोजपुर के हजारों लोग लाभांवित हो चुके हैं। यह पीड़ित मानवता की सेवा के लिए ²ढ़ संकल्पित है।

-----

80 के दशक में किया गया था गठन : रेड क्रॉस की भोजपुर इकाई का गठन वर्ष 1980-81 में तत्कालीन डीएम पीएन नारायण की पहल पर किया गया। तदोपरांत स्थानीय डाक बंगला में सर्वप्रथम महज ओपीडी की शुरुआत हुई। यहां चिकित्सक मरीजों का इलाज करते थे। तत्पश्चात स्थानीय रमना मैदान के दक्षिण पश्चिम कोना के पास सिविल सर्जन आवास के बगल में स्थानीय चंद समाजसेवियों ने रेड क्रॉस भवन की नींव रखी। इसके बाद भवन निर्माण में स्थानीय सांसदों और विधायकों ने भरपूर आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इसके विकास व यहां के कार्यक्रमों में विभिन्न संस्थाओं यथा पीएनबी, एसबीआई मध्य बिहार ग्रामीण बैंक, एचडीएफसी आदि का सहयोग समय-समय पर प्राप्त होता है। इसके अलावा इसके पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपादित करने हेतु समय-समय पर आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है।

-----

रेड क्रॉस का ब्लड बैंक की स्थापना : स्थानीय रेड क्रॉस भवन परिसर में 24 सितंबर 2006 को ब्लड बैंक की स्थापना की गई। वहीं मरीजों को ब्लड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल परिसर में 30 जून 2009 को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के अधीन ही एक अन्य ब्लड बैंक की स्थापना की गई। स्थापना काल से लेकर अब तक इस इकाई के माध्यम से 16,000 से अधिक लोगों को ब्लड उपलब्ध कराया गया है, जिससे लोगों की जिदगी बच सकी।

------

विभिन्न योजनाओं से लोग हुए लाभांवित : संस्थान द्वारा संचालित कई जन कल्याणकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं। प्राथमिक उपचार एवं होम प्रशिक्षण, नेत्र ज्योति कल्याण अस्थाई योजना, रेड क्रॉस पैथो लैब, कटे होंठ व तालू ऑपरेशन शिविर, जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र, ओपीडी आदि से लोग लाभांवित हुए हैं। ब्लड जांच, स्वैच्छिक रक्तदान और ब्लड उपलब्ध कराया जाता है।

--------

जिला मुख्यालय से लेकर दूसरे विदेश तक की गई सहायता : स्थानीय स्तर से लेकर अन्य प्रदेशों व विदेश में प्राकृतिक व अप्राकृतिक आपदा में जिला इकाई ने सहयोग किया है। जिले में अगजनी, बाढ़, लॉक डाउन, कड़ाके की ठंड आदि में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री समय-समय पर पहुंचाई जाती रही। इसके अलावा गुजरात के भुज केदारनाथ और नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए यह इकाई आगे आई और राहत सामग्री तत्परता से पहुंचाई।

---

उल्लेखनीय कार्य के लिए मिला सम्मान : समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए भोजपुर जिला इकाई को कुल 21 मेडल प्राप्त हुआ है। जिसमें सात स्वर्ण, 10 कांस्य और चार रजत है। इस इकाई को तत्कालीन महामहिम राज्यपाल आरएल भारतीय से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त है।

chat bot
आपका साथी